बिलासपुर ,महिलाओं एवं किशोरियों में मासिक धर्म ( माहवारी) के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से “जागरूक नारी” मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्रार्थना भवन, जल संस्थान विभाग, बिलासपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आर्यन फ़िल्म द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आधारशिला विद्या मन्दिर के विद्यार्थियों ने एक लघु नाटिका ‘खेत की मिट्टी’
प्रस्तुत दी l विद्यार्थियों में चिन्मय पटेल, समीर, सिफ़त, भूमिका आर्या, अद्विका खंडेलवाल और निकिता मिंज ने नाटिका के माध्यम से माहवारी से जुड़े मिथ्य विचारों को समाप्त करने का संदेश दिया l विद्यालय की ओर से राष्ट्रिय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जागृति खर्डेनवीस शिक्षिका श्रीमती अपूर्वा तिवारी और श्रीमती ऋतु सिंह उपस्थित रहे l
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डीआईजी रजनेश सिंह,जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल तथा नगरनिगम कमिशनर प्रकाश कुमार सर्वे उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के प्रमुख डॉक्टर विशेषज्ञ भी उपस्थित थे l
अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि मासिक धर्म एक पूर्णतः प्राकृतिक एवं जैविक प्रक्रिया है, जिसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं एवं किशोरियों से मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा इस विषय पर खुलकर संवाद करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में महिलाओं का स्वास्थ्य सर्वोपरि है और मासिक धर्म संबंधी मिथकों एवं संकोच को दूर करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, पोषण, स्वच्छता तथा सैनिटरी उत्पादों के सुरक्षित उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं ने भी अपने प्रश्न पूछकर विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस विषय पर सकारात्मक सोच अपनाते हुए महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमा को बढ़ावा देना चाहिए।
आयोजकों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।