स्वदेशी मेले का भव्य समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी हुए सम्मानित।

*राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल हुए शामिल*

*सात दिनों तक स्वदेशी उत्पादों, भारतीय संस्कृति और आत्मनिर्भरता का दिया गया संदेश*

बिलासपुर। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सात दिवसीय स्वदेशी मेले का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय मुख्य अतिथि तथा बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व सांसद लखन लाल साहू, स्वदेशी मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल, कृष्ण मूर्ति बांधी, राजेश सूर्यवंशी, डॉ. इला गुप्ता  मंच पर उपस्थित रहे।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि स्वदेशी कहते ही स्वस्थ और स्वयं के देश का भाव मन में आता है। स्वदेशी केवल वस्तुओं की बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों का संगम है। हमारा सामान ही नहीं, हमारा विचार, संस्कृति और जीवनशैली भी स्वदेशी होनी चाहिए। स्वदेशी जागरण का दायित्व हम सभी का है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भारत ने स्वयं वैक्सीन का निर्माण कर अपनी क्षमता का परिचय दिया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की कंपनियों को प्रोत्साहित किया गया। आज भारत की तकनीकी और सामरिक क्षमता को पूरी दुनिया देख रही है। मिसाइल से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में देश ने अपनी ताकत साबित की है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वदेशी को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है, लेकिन नागरिकों को भी देश में बने उत्पाद अपनाकर इसमें योगदान देना होगा। स्वदेशी जागरण मंच इस विचार को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि भारत को समृद्ध बनाने में यहां के निवासियों और उनके पुरुषार्थ का सबसे बड़ा योगदान रहा है। इसी मेहनत और सामर्थ्य के कारण भारत कभी सोने की चिड़िया कहलाता था। आज भी उसी सोच और परिश्रम के साथ देश को पुनः समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुका है, जिसमें प्रधानमंत्री के नेतृत्व और नीतियों का महत्वपूर्ण योगदान है। स्वदेशी मेला रोजगार, मनोरंजन के साथ-साथ जागरूकता का भी बड़ा अभियान है। इस तरह के आयोजनों से आम लोगों तक स्वदेशी का संदेश पहुंचता है और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अभियान को लगातार आगे बढ़ाने की जरूरत है। इससे देश का वैभव लौटाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों की मेहनत की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी

स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन एवं CBMD के संयुक्त आयोजन में आयोजित इस मेले में विभिन्न श्रेणियों के स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां स्थानीय व्यापारियों, छोटे उद्यमियों और स्वदेशी उत्पाद निर्माताओं को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला। सात दिनों तक शहरवासियों ने मेले में पहुंचकर भारतीय संस्कृति, परंपरा और स्थानीय उत्पादों के प्रति उत्साह दिखाया। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य हर घर स्वदेशी, हर युवा उद्यमी की भावना को आगे बढ़ाना रहा।

*प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित*

मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया गया। शिशु वेशभूषा प्रतियोगिता वर्ग (ए) में शिवाय साहू प्रथम, अक्षत मौर्य द्वितीय और वंशिका जोशी तृतीय रहे। सांत्वना पुरस्कार ऋषिका मानिकपुरी, ऋषभ धृतलहरे और अयान सिंह ठाकुर को मिला। महिला पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में दुर्गा सोनी प्रथम, रानी सिंह द्वितीय और पूजा वर्मा को सांत्वना पुरस्कार मिला।

रंग भरो प्रतियोगिता वर्ग (ए) में जसलीन कौर प्रथम, जया श्रये द्वितीय रहीं, जबकि श्रेया साहू, सिया शर्मा और अथर मेश्राम को सांत्वना पुरस्कार मिला। वर्ग (बी) में गुंजन साहू प्रथम, हर्षाली जायसवाल द्वितीय और वेदिका जायसवाल तृतीय रहीं। महिमा पाटनवार और आस्था नाथ को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता वर्ग (ए) में संदीप साहू प्रथम, रिया कश्यप द्वितीय और निलय बुनकर तृतीय रहे। वीर यादव, तान्या और काव्या साहू को सांत्वना पुरस्कार मिला। व्यंजन प्रतियोगिता वर्ग (ए) में अनुष्का चतुर्वेदी प्रथम, नेहा डोडेजा द्वितीय और खुशी कुशवाहा तृतीय रहीं। अनुयया शर्मा और प्रतीक्षा शुक्ला को सांत्वना पुरस्कार मिला। व्यंजन प्रतियोगिता के दूसरे वर्ग में नेहा डुडेजा प्रथम, प्रदीप यादव द्वितीय और अनुपमा शर्मा तृतीय रहीं। दिव्या निर्मलकर और खुशी कुशवाहा को सांत्वना पुरस्कार मिला।

मेंहदी प्रतियोगिता वर्ग (अ) में एंजल कश्यप प्रथम, प्रार्थना गुप्ता द्वितीय और अदिति वर्मा तृतीय रहीं। शबनम फातिमा, रुचिका और माही विश्वकर्मा को सांत्वना पुरस्कार मिला। वर्ग (ब) में दामिनी कश्यप प्रथम, रिया कश्यप द्वितीय और रीना धुरी तृतीय रहीं। आरती गुप्ता, हेमलता साहू और श्रुति यादव को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

केशसज्जा प्रतियोगिता में सानवी नामदेव प्रथम, चारु केशरवानी द्वितीय और प्रदीप यादव तृतीय रहे। वेदिका शर्मा और ममता मिश्रा को सांत्वना पुरस्कार मिला। रंगोली प्रतियोगिता वर्ग (ए) में शानवी नामदेव प्रथम, शीतल ठाकुर द्वितीय और दयांश कुमार तृतीय रहे। मुस्कान केशरवानी, श्रुति पंडित, वैष्णवी और लुभांगी साहू को सांत्वना पुरस्कार मिला। वर्ग (बी) में अंजली पारेख प्रथम, चित्रा यादव द्वितीय और प्रमोद कैवर्त तृतीय रहे। रिया कश्यप, अमित अनन्त और अदिति त्रिपाठी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

*आयोजन समिति ने जताया आभार*

स्वदेशी मेला संयोजक गुलशन ऋषि ने कहा कि सात दिवसीय आयोजन सभी के सामूहिक सहयोग से सफल हुआ। उन्होंने अतिथियों, प्रायोजकों, स्टॉल संचालकों, प्रतिभागियों, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया |

CBMD अध्यक्ष एवं स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख सुब्रत चाकी ने सभी सहयोगी संस्थाओं, प्रायोजकों, अतिथियों, प्रतिभागियों और बिलासपुरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से स्वदेशी विचारधारा और आत्मनिर्भरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *