तखतपुर मेन रोड की खराब सड़क के कारण हादसा, ईट से भरा ट्रैक्टर पलटा मजदूर घायल।

बिलासपुर,मुख्य मार्ग पर ईंट से भरा ट्रैक्टर पलटा, मजदूर घायल, 
नगर के नया बस स्टैंड मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह ईंट से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे में ट्रॉली में बैठा एक मजदूर ईंटों के नीचे दब गया, जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह ईंट लेकर जा रहा ट्रैक्टर नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर लंबे समय से बने हुए गहरे गड्ढे में पानी भरा होने के कारण चालक को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका। ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया  ट्रॉली सड़क में पलट गई। ट्रॉली पलटते ही उसमें बैठा मजदूर ईंटों के नीचे दब गया,  आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए ईंटों को हटाकर मजदूर को बाहर निकाला। घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है, वहां काफी समय से सड़क पर बड़ा गड्ढा बना हुआ है। इसके अलावा पास में बनी नाली का पानी लगातार सड़क पर बहता रहता है, जिससे गड्ढा हमेशा पानी से भरा रहता है। पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नागरिकों ने बताया कि वेलकम गेट से नया बस स्टैंड तक नगरपालिका की नाली का पानी निरंतर सड़क पर बह रहा है, जिससे मार्ग पर कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण आज यह गंभीर हादसा हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। नागरिकों ने सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमरेश सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्य में सहयोग किया और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने सड़क की समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क के गड्ढों और जलभराव की समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो भविष्य में कोई और बड़ा हादसा हो सकता है। आज की घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नगर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *