बिलासपुर- गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते ( एटीएस ) ने भारतीय तटरक्षक बल के साथ संयुक्त अभियान में बुधवार को अरब सागर में एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव से 40 किलोग्राम हेरोइन की खेप बरामद की है । इसकी कीमत लगभग दौ सौ करोड़ रुपये आंकी गई है । नाव में सवार छह पाकिस्तानी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है । इस मामले में पंजाब लिंक सामने आया है , अमृतसर जेल में बंद नाइजिरियन और कपूरथला की जेल में बंद कैदी ने कराची से हेरोइन की यह खेप मंगाई थी । गुजरात पुलिस के महानिदेशक आशीष भाटिया ने बताया कि अमृतसर की जेल में बंद नाइजिरियन कैदी अनीचीफ बीना और कपूरथला की जेल में बंद कैदी मेहराज रेहमानी ने मिलकर कराची के ड्रग डीलर अब्दुल्ला से यह हेरोइन मंगाई थी । इसे लेने के लिए पहुंचे दक्षिण दिल्ली के दो युवक ,सत्तार मलिक व जग्गी उर्फ वीरजरा सिह को भी गिरफ्तार किया गया है ।

