*पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने सरगांव गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था, गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर प्रदेशवासियों के लिए की अरदास।

*कौशिक बोले – गुरु नानक देव  का संदेश समानता, सेवा और मानवता का अनुपम मार्ग है, प्रेम और सद्भाव से ही बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़*

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक  धरमलाल कौशिक ने सिख पंथ के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव  महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आज सरगांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया एवं समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में संगत के साथ बैठकर उन्होंने लंगर ग्रहण किया तथा श्रद्धाभाव से लंगर सेवा करते हुए श्रद्धालुओं को लंगर प्रसादी वितरित की। गुरुद्वारा में उपस्थित संगत ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से उन्होंने भेंट कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर श्री कौशिक ने कहा कि गुरु नानक देव  का जीवन समानता, सेवा और मानवता का अनुपम संदेश है। उन्होंने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सबको एक ईश्वर की संतान बताया। उनकी शिक्षाएं हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। श्री कौशिक ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है। सच्चाई, मेहनत और सेवा के इस मार्ग पर चलकर ही हम समाज को मजबूत और खुशहाल बना सकते हैं। लंगर की परंपरा हमें सिखाती है कि सेवा में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, सब बराबर हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती हमेशा से सर्व धर्म समभाव और आपसी भाईचारे की धरती रही है। यहां सभी धर्मों के पर्व आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि गुरु साहिब की कृपा से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *