डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर राउत नाच महोत्सव स्थगित, पूरे बिलासपुर जिले में नहीं होगा राउत नाच।

*28 नवंबर को दोपहर 2 बजे लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में होगा सामूहिक श्रद्धांजलि एवं शोकसभा*

बिलासपुर। यादव समाज के पुरोधा, राउत नाच महोत्सव समिति बिलासपुर के आयोजक, संयोजक एवं मार्गदर्शक तथा समाज के वरिष्ठ व्यक्तित्व के धनी स्वर्गीय डॉ. कालीचरण यादव जी के आकस्मिक निधन से संपूर्ण यादव समाज एवं राउत नाच से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बिलासपुर जिले के राउत नाच दलों, आयोजक समितियों एवं समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दिनांक 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाला बिलासपुर जिला स्तरीय राउत नाच महोत्सव स्थगित किया गया है साथ ही जिले के सभी गांवों के राउत नाच दल प्रमुखों ने एक राय होकर निर्णय लिया कि स्वर्गीय डॉ. कालीचरण यादव जी के सम्मान एवं शोक स्वरूप अपने-अपने गांवों में राउत नाच एवं राउत बाजा को छुट्टी दिया जाएगा। इसके साथ ही बिलासपुर जिले में कहीं भी राउत नाच का आयोजन नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में सभी की सहमति से निर्णय लिया गया है कि 28 नवंबर 2026, शनिवार को दोपहर 2 बजे, उसी स्थान लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान परिसर, बिलासपुर में सामूहिक श्रद्धांजलि एवं शोकसभा का आयोजन किया जाएगा। इस शोकसभा में बिलासपुर जिले के सभी सामाजिक बंधुओं, राउत नाच दलों के प्रमुखों, समाज के पदाधिकारियों, स्वर्गीय डॉ. कालीचरण यादव जी के परिचितों, शुभचिंतकों एवं समस्त समाजजनों से उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की गई है।

शोकसभा एवं बैठक में राउत नाच दलों के प्रमुखों, राउत नाच महोत्सव आयोजन समिति के सदस्यों, विभिन्न समाजों के जिलाध्यक्षों, समाज प्रमुखों एवं पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया।

सभी उपस्थितजनों ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. कालीचरण यादव जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की अमूल्य धरोहर थे। राउत नाच एवं यादव समाज के प्रति उनका योगदान, मार्गदर्शन और समर्पण भाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से समाज को बहुत आघात पहुंचा है तथा अपूरणीय क्षति हुई है।

सभी ने एक स्वर में कहा कि राउत नाच महोत्सव से बढ़कर हमारे लिए समाज के पुरोधा डॉ. कालीचरण यादव जी के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि है। उनके सम्मान में इस वर्ष महोत्सव स्थगित कर पूरे जिले में राउत नाच बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

अंत में दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *