सुई से लेकर जेसीबी तक के सामान की उपलब्धता, स्वदेशी मेले में उमड़ा जनसैलाब*

**बस्तर आर्ट से छत्तीसगढ़ी हैंडलूम तक दिखी स्थानीय हुनर की झलक, स्व सहायता समूहों को मिला बाजार**

**धरमलाल कौशिक बोले- प्रगति मैदान जैसा दिख रहा नजारा, लोगों की मांग पर 28 नवंबर तक बढ़ी मेले की अवधि**

बिलासपुर। स्वदेशी उत्पादों को बाजार और स्थानीय हुनर को पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित स्वदेशी मेले को शहरवासियों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। मेले में लगातार बढ़ रही भीड़ और लोगों की विशेष मांग को देखते हुए आयोजन समिति ने इसकी अवधि एक दिन बढ़ा दी है। अब 20 से 27 नवंबर तक प्रस्तावित मेला 28 नवंबर तक चलेगा। मेले में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हस्तशिल्प, बस्तर आर्ट, हैंडलूम, स्व सहायता समूहों के उत्पादों से लेकर घरेलू उपयोग की वस्तुओं और आधुनिक मशीनरी तक की विस्तृत श्रृंखला देखने को मिल रही है। सुई से लेकर जेसीबी तक के सामान की उपलब्धता मेले की खास पहचान बन गई है।

मेले के चौथे दिन आयोजित कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर पूजा विधानी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह और किशोर राय उपस्थित रहे।

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने मेले में उमड़ी भीड़ को आयोजन की सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यहां का नजारा देखकर दिल्ली के प्रगति मैदान की याद आती है। बिलासपुर के स्वदेशी मेले में छोटे-बड़े सभी व्यापारियों और समाज के हर वर्ग को समान अवसर दिया गया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से पहले विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है। इसके लिए स्थानीय हुनर और कौशल को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। गांवों में छिपे हुनर को उद्योग और रोजगार से जोड़ना होगा। भारत की आत्मा गांवों में बसती है और हस्तशिल्प व स्वदेशी मेले आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने का माध्यम हैं। छत्तीसगढ़ में बने उत्पादों को दूसरे राज्यों में पहचान मिलना गर्व की बात है। स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी केवल बातों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपनाने और प्रोत्साहित करने की भी जरूरत है। आने वाले समय में भारत दुनिया का सिरमौर बनेगा।

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि मेले में स्व सहायता समूह की दीदियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का शानदार अवसर मिल रहा है। छत्तीसगढ़ के बस्तर आर्ट से लेकर राज्य के हस्तनिर्मित हैंडलूम उत्पादों की विविधता यहां देखने को मिल रही है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादकों को पहचान दिलाने का बड़ा माध्यम हैं। मेले का उद्देश्य अपने राज्य और गांव में निर्मित हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश तक पहुंचाना और उनके माध्यम से भारत का नाम रोशन करना है।

**प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभागियों की प्रतिभा**

चौथे दिन सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के तहत सबसे पहले मीठे और नमकीन व्यंजनों की प्रतियोगिता आयोजित की गई। मीठे व्यंजन के निर्णायक वंदना, चंद्रिका पुरे और चित्रलेखा तिवारी रहीं, जबकि नमकीन व्यंजन का मूल्यांकन प्रगति अग्रवाल और किरण गोस्वामी ने किया।

इसके बाद महिला पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता हुई, जिसमें 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक तृप्ति मिश्रा और अंजू गुप्ता रहीं। इसके बाद भाई साहब बिलासपुर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 25 प्रतिभागियों ने तीन राउंड में अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके निर्णायक गिरीश त्रिवेदी, अर्पिता चटर्जी और तरुण शर्मा रहे।

**रक्तदान के जरिए सामाजिक सरोकार**

मेले में खरीदारी और मनोरंजन के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी ध्यान रखा गया है। जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया है, जिसमें लोग उत्साह के साथ रक्तदान कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन रिंकू मित्रा, तुषार पांसे , प्रतीक्षा ताम्रकार और युगल शर्मा ने किया। इस अवसर पर मेला संयोजक गुलशन ऋषि, डॉ. सुशील श्रीवास्तव, प्रवीण झा, डॉ प्रफुल्ल शर्मा, अरुणा दीक्षित, डॉ नीता श्रीवास्तव ,सौमित्र गुप्ता, भृगु अवस्थी, नारायण गोस्वामी सहित स्वदेशी मेला समिति के सदस्य , कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *