हर बूथ पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को अनिवार्य रूप से आयोजित करने पर दिया जोर
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा बिलासपुर के मंडल पश्चिम, दक्षिण एवं मध्य के अंतर्गत आने वाले कुल 143 बूथों की संगठनात्मक बैठक बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने ली। बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने का कार्य अभी जारी है। ऐसे में प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करें और जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनका नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक पहल करें। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आम नागरिकों से उनके निरंतर संपर्क में निहित है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि संगठन द्वारा वर्षभर के लिए निर्धारित छह प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन प्रत्येक बूथ पर अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक माह के तीसरे सप्ताह में मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रत्येक माह की 15 से 20 तारीख निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में शक्ति केंद्र प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक, सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बूथ सचिव, बीएलए-2 एवं मन की बात प्रमुख की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक बैठकों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
श्री अग्रवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को हर बूथ पर बूथ समिति एवं स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से मन की बात कार्यक्रम सुनना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के पश्चात बूथ समिति की बैठक आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करें तथा कार्यक्रम की जानकारी सरल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर रिपोर्टिंग करें।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती निरंतर संपर्क, नियमित बैठक और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका से ही संभव है। इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, ताकि भाजपा का संगठन बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बन सके।
बैठक में , जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय, संदीप दास, मनीष अग्रवाल, धीरेन्द्र केशरवानी, महेश चंद्रिकापुरे, मनीष शुक्ला, लक्ष्मीनारायण कश्यप, विजय यादव, संजय अग्रवाल, शैलेन्द्र यादव, जगदीश साव, श्रीकांत सहारे, दीपक साहू सहित 143 बूथ के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।