37वें स्थापना दिवस पर दो डिजिटल ऐप और छह रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों का लोकार्पण; समावेशी शिक्षा, डिजिटल नवाचार एवं कौशल विकास पर जोर
बिलासपुर
नोएडा, 23 नवंबर। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) ने सोमवार को अपना 37वाँ स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर नोएडा स्थित एनआईओएस क्षेत्रीय केंद्र के कल्याण सिंह सभागार में आयोजित समारोह में शिक्षा को अधिक समावेशी, सुलभ और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में दो डिजिटल ऐप तथा छह नए पाठ्यक्रमों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की शैक्षिक उपलब्धियों, डिजिटल नवाचारों और कौशल विकास से जुड़ी पहलों को रेखांकित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि टी.के. अनिल कुमार, आईएएस, सचिव, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने अपने संबोधन में एनआईओएस के कार्यों की सराहना करते हुए डिजिटल साक्षरता, शिक्षा से वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एनआईओएस विभिन्न सामाजिक वर्गों और कार्यक्षेत्रों से जुड़े ऐसे लोगों तक शिक्षा पहुँचा रहा है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा व्यवस्था से नहीं जुड़ पाए। यह संस्था उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एनआईओएस के शिक्षार्थियों का वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना भी गौरव का विषय है।
पद्मश्री चमू कृष्ण शास्त्री, अध्यक्ष, भारतीय भाषा समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने एनआईओएस की डिजिटल पहलों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान की कार्यक्षेत्र और संभावनाएं असीमित हैं। एनआईओएस व्यावसायिक शिक्षा के साथ-साथ शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
श्रीमती प्राची पाण्डेय, आईए एंड एएस, संयुक्त सचिव (संस्थाएँ एवं प्रशिक्षण), स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि एनआईओएस व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से शिक्षार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा एवं कौशल प्रदान कर रहा है। विभिन्न भाषाओं में शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा शिक्षार्थियों को अपनी क्षमता विकसित करने और बेहतर भविष्य बनाने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
एनआईओएस के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्र ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि एनआईओएस ने भारत ही नहीं, विदेशों में भी मुक्त विद्यालयी शिक्षा की विशिष्ट पहचान स्थापित की है। संस्थान ने शिक्षा को समावेशी, लचीला और शिक्षार्थी-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एनआईओएस शिक्षा को कक्षाओं तक सीमित न रखकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डिजिटल शिक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सशक्त बनाने की पहल
इस अवसर पर एनआईओएस की दो महत्वपूर्ण डिजिटल पहल ‘एनआईओएस मित्र’ और ‘एनआईओएस नेत्र’ ऐप का लोकार्पण किया गया। ‘एनआईओएस मित्र’ का उद्देश्य शिक्षा से वंचित व्यक्तियों, विद्यालय छोड़ चुके विद्यार्थियों, प्रवासी श्रमिकों, प्रथम पीढ़ी के शिक्षार्थियों तथा समाज के अन्य वंचित वर्गों तक मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना है। यह पहल अधिक से अधिक लोगों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
वहीं, ‘एनआईओएस नेत्र’ ऐप परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण एवं निगरानी व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से निरीक्षण अधिकारी वास्तविक समय में अपनी लोकेशन, समय, फोटो एवं वीडियो साक्ष्य दर्ज कर सकेंगे, निर्धारित चेकलिस्ट भर सकेंगे तथा परीक्षा केंद्रों पर घटित किसी भी घटना की तत्काल रिपोर्ट कर सकेंगे।
शिक्षा एवं व्यावसायिक कौशल के छह नए पाठ्यक्रमों का शुभारंभ
स्थापना दिवस के अवसर पर शैक्षिक विभाग द्वारा तीन नए पाठ्यक्रमों का लोकार्पण किया गया। इनमें भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम ‘भारताभिज्ञानम्’, माध्यमिक स्तर का ‘आयुर्वेदशास्त्र’ पाठ्यक्रम तथा छह माह का विशेष प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम ‘कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट’ शामिल हैं। इस अवसर पर डी-व्यू रिपोर्ट का भी लोकार्पण किया गया।
व्यावसायिक शिक्षा विभाग द्वारा रोजगार एवं कौशल विकास की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तीन एनसीवीईटी (NCVET) अनुमोदित पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। इनमें ‘एआई असिस्टेंट’, ‘आईटी हेल्पडेस्क अटेंडेंट’ और ‘फायर मार्शल’ पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से शिक्षार्थियों को आधुनिक कार्यक्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक कौशल एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है।
राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्टता के लिए क्षेत्रीय केंद्र सम्मानित
37वें स्थापना दिवस समारोह में राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए एनआईओएस के तीन क्षेत्रीय केंद्रों—गांधीनगर, हैदराबाद और गुवाहाटी को राजभाषा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में एनआईओएस के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एनआईओएस के सचिव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।