फंगस लगी अमूल आइसक्रीम खाद्य विभाग ने पकड़ी, 85डब्बा अमूल आइसक्रीम खाद्य विभाग ने नष्ट कराई।

त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा दल की ताबड़तोड़ कार्रवाई: कुट्टू व सिंघाड़े के आटे के विधिक नमूने लिए गए, फंगस युक्त 85 डिब्बा अमूल आइसक्रीम मौके पर नष्ट**

*बिलासपुर:

आगामी त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जनस्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, बिलासपुर द्वारा जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों में सघन निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मंदिर चौक स्थित **इंस्टाकार्ट प्राइवेट लिमिटेड** का आकस्मिक निरीक्षण किया। त्योहारों में व्रत व उपवास के दौरान उपयोग होने वाले *कुट्टू आटा** और *सिंघाड़ा आटा** की गुणवत्ता की जांच हेतु दोनों के विधिक (लीगल) नमूने विधिवत एकत्र किए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में संधारित ‘अमूल शालीमार आइसक्रीम’** में फंगस (फफूंद) लगा पाया गया। जनस्वास्थ्य के प्रति जोखिम को देखते हुए विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फंगस युक्त कुल **85 डिब्बे (प्रत्येक 68 ग्राम)** को मौके पर ही विनष्ट कराया। साथ ही विस्तृत गुणवत्ता परीक्षण के लिए इसका सर्विलांस सैंपल लेकर प्रयोगशाला (लैब) प्रेषित किया गया।

इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा शहर के प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का भी सघन निरीक्षण किया गया, जिनमें मुख्य रूप से:

*इंडियन कॉफी हाउस**, सरकंडा

*श्री साईं कैफे**

*पंजाबी रेस्टोरेंट**, सिम्स चौक, सदर बाजार

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने, केवल वैध व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्रियों का संधारण करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।

कार्रवाई के दौरान मौके पर अभिहित अधिकारी आर. आर. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी एवं प्रतीक तिवारी उपस्थित रहे। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु यह जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *