पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बिल्हा विधानसभा अंतर्गत, जनपद पंचायत पथरिया, जिला मुंगेली के ग्राम पंचायत धरदेई में सुशासन दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कौशिक ने बच्चों को सुपोषण तिहार के अंतर्गत पोषण सामग्री का वितरण किया। साथ ही ग्राम धरदेई में विभिन्न विकास कार्यों, जैसे प्राथमिक शाला निर्माण हेतु 12 लाख रुपये, सांस्कृतिक मंच निर्माण हेतु 12 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण कार्य, बावली क्षेत्र में मिडिल स्कूल हेतु प्रस्ताव तथा सहकारी बैंक के गोदाम निर्माण की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने वहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए।
श्री कौशिक ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो। प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। आज प्रदेश में विकास की गति चारों ओर दिखाई दे रही है। गांव-गांव में सड़क, पुल-पुलिया, आवास और मूलभूत सुविधाओं के निर्माण कार्य तेजी से संचालित हैं। हमारी सरकार अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी (पथरिया) श्रीमती रेखा चंद्रा, जिला पंचायत सभापति श्रीमती अंबालिका साहू एवं श्रीमती अनीला देवेंद्र राजपूत, जनपद पंचायत पथरिया अध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा मनीष जांगड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका चंद्रशेखर कौशिक, ग्राम पंचायत धरदेई की सरपंच श्रीमती त्रिवेणी सनत बरगाह, नगर पंचायत सरगांव अध्यक्ष परमानंद साहू सहित क्षेत्र के जनपद सदस्यगण, जनप्रतिनिधिगण, सरपंचगण, भाजपा के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहे।