
बिलासपुर रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर स्थित शासकीय महामाया महाविद्यालय में आज छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) द्वारा भव्य नवीन प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महामाया शूट भवन रतनपुर में संपन्न हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में नवीन छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे पूर्व मंडी अध्यक्ष कोटा संदीप शुक्ला, जबकि अध्यक्षता का दायित्व पीसीसी सदस्य एवं कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष नीरज जायसवाल ने निभाया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला महामंत्री आशीष शर्मा, एनएसयूआई प्रदेश सचिव राजा रावत, जिला युवा कांग्रेस (RTI) अध्यक्ष रवि रावत, तथा एनएसयूआई प्रदेश संयोजक स्वप्निल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष नीरज पांडे ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से छात्र-छात्राओं को संबोधित किया और नए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि संदीप शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि “नवीन छात्र-छात्राएँ देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों के संघर्ष, अनुशासन और शिक्षा के माध्यम से ही समाज का विकास संभव है।” उन्होंने अपने छात्र राजनीति से लेकर वर्तमान सामाजिक जीवन तक के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नीरज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “रतनपुर की धरती ने हमेशा नेतृत्व को जन्म दिया है। मैंने स्वयं छात्र राजनीति से ही अपनी यात्रा प्रारंभ की थी और आज संगठन के माध्यम से युवा शक्ति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा हूँ।” उन्होंने बताया कि वे रतनपुर में सबसे कम उम्र के पार्षद रहे हैं और युवाओं के लिए सदैव समर्पित हैं।
आशीष शर्मा, जिला महामंत्री कांग्रेस, ने कहा कि “महामाया कॉलेज के शुरुआती दिनों में विद्यार्थियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन एनएसयूआई के संघर्षों से आज कॉलेज ने यह मुकाम हासिल किया है जहाँ हजारों छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।”
राजा रावत, एनएसयूआई प्रदेश सचिव, ने कहा कि “हम सबने अपनी राजनीति की शुरुआत छात्र राजनीति से की है और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आज भी जारी है। यह गर्व की बात है कि रतनपुर से मुझे प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।”
वहीं जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष (RTI) रवि रावत ने कहा कि “एनएसयूआई सदैव छात्रों की आवाज रही है। हम सब नवीन विद्यार्थियों के साथ हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए हर कदम पर खड़े रहेंगे।”
कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन मानस ताम्रकार, माही राजपूत, आदित्य साहू सहित पूरी एनएसयूआई रतनपुर टीम ने किया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों का माँ महामाया देवी की प्रतिमा एवं सम्मान गमछा भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अविनाश श्रीवास, आशीष केवट, प्रियांशु श्रीवास, राहुल कश्यप, निक्कू जायसवाल, दामिनी यादव, शारदा पटेल, पुरुषोत्तम कश्यप सहित हजारों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
एनएसयूआई का यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए प्रेरणादायी रहा, बल्कि यह संदेश भी दिया कि रतनपुर की युवा शक्ति आने वाले समय में शिक्षा, नेतृत्व और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छूएगी।
