– अब वार्ड क्रमांक 46 के सैकड़ों परिवारों को नहीं होगी पानी की समस्या
बिलासपुर। महापौर रामशरण यादव ने गुरुवार को वार्ड क्रमांक 46 में 22.33 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। वार्ड के सैकड़ों परिवारों को अब पेयजल की समस्या नहीं होगी। सीसी रोड बन जाने से नागरिकों को बरसात के सीजन में आवागमन करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इसके अलावा नाली के बनते ही बरसाती पानी सड़क पर जमा न होकर सीधे बहकर वार्ड से बाहर निकल जाएगा। महापौर यादव ने वार्ड क्रमांक 46 रहबर चौक में 2.50 लाख रुपए की लागत से बोर खनन और पाइप लाइन विस्तार का लोकार्पण किया। इसी तरह अन्नपूर्णा कॉलोनी में 2.10 लाख की लागत से बोर खनन व पाइप लाइन विस्तार कार्य का लोकार्पण किया। मेयर ने दोनों जगह बोर चालू कर पानी का स्वाद चखा। पेजयल की सौगात मिलने पर मोहल्ले की महिलाओं ने मेयर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। मेयर ने गणेश नगर में 8.48 लाख की लागत से आरसीसी नाली, 6.50 लाख की लागत से सीसी रोड और 2.75 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बिल्हा के छाया विधायक राजेंद्र शुक्ला, सभापति शेख नजीरुद्दीन, कांग्रेस प्रवक्ता अभयनारायण राय, एमआईसी सदस्य राजेश शुक्ला, अजय यादव, पार्षद अब्दुल खान, सांई भास्कर मौजूद रहे।

