बिलासपुर। प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा की कार्य योजना अनुसार बिलासपुर जिले में सोमवार को गांधी चौक से जिला भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद अरूण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी, , बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रवि भगत के नेतृत्व में नेहरू चौक तक धर्मांतरण के विरोध में जनजागरण पद यात्रा निकाली गई। जनजागरण पद यात्रा के पश्चात नेहरू चौक में सभा आयोजित की गई तत्पश्चात महामहिम राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
नेहरू चौक में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने सभा को संबोधित किया तथा प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में पूरे प्रदेश में धर्मांतरण हो रहा है। यह देश भगवान राम का देश है हम उनके मंसूबों को पूरे नही होने देंगे। श्री कौशिक कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के गांव गली मोहल्लों में प्रार्थना सभा के नाम पर गरीब वर्ग के अनुसूचित जाति, जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के लोगों को प्रलोभवन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा है जो घोर निंदनीय है। भारत एक धर्म निरपेक्ष देश है यहॉ सभी धर्म को मानने वाले लोग रहते है। ईलाज एवं शिक्षा के नाम पर प्रलोभन देकर धर्मांतरण किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का संरक्षण प्राप्त है, यहॉ की सभ्यता को खंडित किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश सरकार को आगाह कर रही है राज्य सरकार धर्मांतरण पर अंकुश नही लगायेगी तो ईट से ईट बजा देंगे।
आमसभा का संचालन भाजपा जिला महामंत्री मोहित जायसवाल ने किया तथा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष निखिल केशरवानी ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गरीबों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण किया जा रहा है। राज्य सरकार के संरक्षण में पूरे प्रदेश में धर्मांतरण हो रहा है। भाजपा युवा मोर्चा ने आज सरकार को आगाह करने के लिए सांकेतिक रैली निकाली है यदि सरकार धर्मांतरण पर अंकुश नही लगायेगी तो युवा मोर्चा उग्र आंदोलन करेगी।
गांधी चौक से भाजयुमो की जनजागरण पद यात्रा प्रारंभ हुई जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अलावा युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं युवा काफी संख्या में शामिल हुए। जनजागरण पद यात्रा में पूर्व महापौर किशोर राय, घनश्याम कौशिक, पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जनपद के जनप्रतिनिधिगण सहित आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

