*पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक की अनुशंसा पर बिल्हा क्षेत्र को बड़ी सौगात: नगपुरा से डढहाँ तक 3.26 किमी नवीन सड़क के लिए 347.79 लाख स्वीकृत, मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री का जताया आभार
*बिल्हा/बिलासपुर, 10 अक्टूबर 2026 -* बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयासरत पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक जी की अनुशंसा पर राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति प्रदान की है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, तहत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 के मुख्य बजट में शामिल कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्य के अंतर्गत जिला बिलासपुर के विकासखण्ड बिल्हा में *नगपुरा से डढहाँ तक 3.26 किलोमीटर नवीन सड़क निर्माण* कार्य को मंजूरी मिली है। इस कार्य के लिए 332.02 लाख रुपये निर्माण राशि एवं 15.77 लाख रुपये संधारण राशि सहित कुल *347.79 लाख रुपये* की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है
इस सड़क के निर्माण से बिल्हा क्षेत्र के नगपुरा, डढहाँ सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्षों से इस मार्ग के निर्माण की मांग ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने तथा आमजनों को रोजमर्रा के कार्यों में इस सड़क से सीधा लाभ मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक जी ने प्रदेश के यशस्वी *मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा जी* के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और किसान के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से अंतिम गांव तक पक्की सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। श्री कौशिक जी ने कहा कि बिल्हा विधानसभा के विकास के लिए उनकी अनुशंसा पर लगातार कार्यों की स्वीकृति मिल रही है और आगे भी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।