वोल्टेज, हाई लो, लोगो के घरों बिजली के उपकरण हुए खराब, कलेक्टर से जनदर्शन में शिकायत, शराब पीकर आने वाले शिक्षक पर भी कार्रवाई।

*कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*

*संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने दिए निर्देश*

बिलासपुर, 13 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।

   जनदर्शन में आज कोटा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत आमामुड़ा के ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला के दो शिक्षक नियमित रूप से स्कूल आने के बावजूद पढ़ाई के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने एक शिक्षक के शराब पीकर आने तथा बच्चों को पढ़ाई नहीं कराने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। शहरी क्षेत्रों के चार सेजेस स्कूलों में कार्यरत नर्सरी शिक्षिकाओं एवं आया ने पिछले तीन माह से लंबित मानदेय दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। तखतपुर तहसील के ग्राम पंचायत अरईबंद क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि को आबादी भूमि घोषित करने के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि वे लगभग 21 वर्षों से मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास रहने के लिए अन्य भूमि नहीं है। ग्राम पंचायत मेड़पार बाजार की निवासी प्रमिला घृतलहरे ने कृषि सखी के पद पर दोबारा नियुक्त करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2023 से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कृषि सखी के रूप में कार्य कर रही थीं। अचानक तबीयत खराब होने के कारण वह एक माह तक समय नहीं दे पाईं, जिसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया। उन्होंने प्रशासन से उनकी परिस्थिति पर विचार करते हुए दोबारा पद पर रखने की अनुमति देने का आग्रह किया है।

    बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की दीनदयाल कॉलोनी के निवासियों ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या को लेकर शिकायत की है। ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ने के कारण पिछले दो माह से कॉलोनी में बिजली संबंधी परेशानियां बनी हुई हैं। बार-बार बिजली आने-जाने से घरों में लगे टीवी, फ्रिज, एसी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने की आशंका बनी रहती है। निवासियों ने संबंधित बिजली विभाग से नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की है। कलेक्टर ने सभी की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *