*सरस्वती साइकिल योजना से 109 बालिकाओं को मिला आत्मनिर्भरता का संबल, तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुईं छात्राएं*
●बर्जेस स्कूल में ₹14 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन, मिशन स्कूल में दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्प
बिलासपुर। बिलासपुर विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल ने मंगलवार को शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर शिक्षा, विकास एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने शहर की दो प्रमुख एवं ऐतिहासिक शैक्षणिक संस्थाओं बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में पहुंचकर छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिल वितरित की।
मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में 60 तथा बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 49, कुल 109 बालिकाओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की गई। साइकिल वितरण के साथ छात्राओं को तिरंगा भी भेंट किया गया। तिरंगा हाथों में लेकर छात्राएं पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुईं।
*सरस्वती साइकिल योजना ने बालिकाओं की शिक्षा को दी नई दिशा : अमर अग्रवाल*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना वर्ष 2004 से बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही है। इस योजना से दूर-दराज के गांवों में रहने वाली छात्राओं को दूर स्थित विद्यालयों तक आने-जाने के लिए निःशुल्क आवागमन की सुविधा मिली। इससे बालिकाओं के लिए शिक्षा जारी रखना आसान हुआ और उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ अपने कैरियर निर्माण के नए अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यालय तक पहुंच आसान हुई, जिसके परिणामस्वरूप बालिकाओं का ड्रॉपआउट कम हुआ और उनकी शिक्षा में निरंतरता बढ़ी। शिक्षा के साथ बालिकाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ा और वे सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करने लगीं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना केवल साइकिल वितरण की योजना नहीं है, बल्कि यह बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ाने का माध्यम है। इस योजना ने अनेक बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
*बर्जेस स्कूल में ₹14 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन*
बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अमर अग्रवाल ने विधायक निधि से लगभग ₹14 लाख की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष एवं फर्शीकरण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर उन्होंने बर्जेस स्कूल प्रबंधन को वर्ष 1885 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने के लिए विशेष बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करना अपने आप में गौरवपूर्ण उपलब्धि है। संस्था ने शिक्षा के माध्यम से अनेक पीढ़ियों के निर्माण के साथ बिलासपुर के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने मिशन स्कूल में दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण- मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में श्री अमर अग्रवाल ने दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक आवश्यकताओं और विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने मिशन स्कूल प्रबंधन को 100 वर्षों से अधिक समय से शिक्षा जगत में निरंतर सेवा देने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिक्षा के माध्यम से समाज की सेवा करना संस्था की समृद्ध परंपरा और सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मिशन स्कूल ने शिक्षा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक गायन*-
दोनों विद्यालयों में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे सम्मान एवं उत्साह के साथ सामूहिक गायन में सहभागिता की। इस अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया और उनके योगदान को नमन किया गया।
*तिरंगे के सम्मान और नशामुक्ति का लिया संकल्प*
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तिरंगा भेंट करते हुए श्री अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया। श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार युवा शक्ति तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नशामुक्त युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
शिक्षित और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की ताकत
अमर अग्रवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि अटल का सपना था कि देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित और सक्षम बने। उनकी शिक्षा संबंधी दूरदृष्टि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि शिक्षित, संस्कारित और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना केवल उनके भविष्य को संवारना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करना है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शाला के प्राचार्य ,शिक्षक,पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।