सीएमओ की गाड़ी ने बाइक सवार को मारी टक्कर महिला की मौत, सीएमओ अमरेश सिंह गिरफ्तार।

बिलासपुर तखतपुर,ग्राम बरेला में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के मामले में थाना जरहागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी स्कोडा कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई जांच के बाद आरोपी अमरेश सिंह (58 वर्ष), निवासी महेश्वर कॉलोनी, अंबिकापुर को गिरफ्तार किया गया। दुर्घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार क्रमांक CG 15 DN 3866 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को मारी टक्कर

प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी विश्वनाथ बसोर, निवासी शिक्षकनगर पंडरिया ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 अगस्त 2026 को उनकी भाभी किरण बसोर अपने साथी के साथ ग्राम हरदी से शादी समारोह का ऑर्डर पूरा कर मोटरसाइकिल से लौट रही थीं। ग्राम बरेला मुख्य मार्ग पर सड़क पर गाय होने के कारण उन्होंने अपनी एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी थी।

इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही सफेद रंग की स्कोडा कार, जिस पर “CMO (UAD) CG Government” अंकित था, कथित रूप से तेज रफ्तार एवं गलत दिशा में चलाते हुए मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर एवं मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जांच में लापरवाही की पुष्टि

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पाया कि आरोपी चालक ने अत्यंत लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चलाते हुए दुर्घटना कारित की। इसके आधार पर थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 110/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) एवं 105 के तहत कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस ने जांच पूरी कर आरोपी को 3 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। खबर टेकचंद करड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *