जिला पंचायत सीईओ ने बच्चों के साथ मिलकर तैयार किए सीड बॉल।

*पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का दिया संदेश, विद्यार्थियों को पौधरोपण के लिए किया प्रेरित*

बिलासपुर, 25 जून 2026/पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने प्राथमिक शाला तारबाहर के विद्यार्थियों के साथ सीड बॉल निर्माण गतिविधि में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर सीड बॉल तैयार किए तथा उन्हें प्रकृति संरक्षण और पौधरोपण के महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर संयुक्त संचालक श्री अनिल तिवारी भी मौजूद थे।

   श्री अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सीड बॉल प्रकृति को हरित बनाने का एक सरल एवं प्रभावी माध्यम है। वर्षा ऋतु के दौरान इन सीड बॉल को खुले स्थानों पर डालने से बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप ले सकते हैं, जिससे हरित क्षेत्र का विस्तार होता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सीड बॉल निर्माण की प्रक्रिया में भाग लिया। बच्चों को मिट्टी, गोबर खाद एवं बीजों के मिश्रण से सीड बॉल तैयार करने की विधि बताई गई। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर संवाद भी किया और उन्हें जल संरक्षण, स्वच्छता तथा जैव विविधता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही बच्चे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के सशक्त वाहक बनेंगे। विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

   कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। विद्यार्थियों ने सीड बॉल निर्माण गतिविधि में रुचिपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recommended
*मोदी के 12 साल में गरीब, किसान, महिला और नौजवान…
Cresta Posts Box by CP