
🔹 दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं का खुलासा, शातिर अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
🔹 दिल्ली–मेरठ क्षेत्र में 20 दिनों तक लगातार ऑपरेशन चलाकर सफलता
🔹 आरोपी पर विभिन्न राज्यों में 47 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज
थाना सिविल लाईन क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 28.09.2025 को साकेत अपार्टमेंट के फ्लैट क्रमांक L-201 एवं B-15 तथा रियल हेवन के एक फ्लैट में अज्ञात आरोपियों द्वारा दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। उक्त घटनाओं पर अपराध क्रमांक 1124, 1125 एवं 1127/2025 धारा 331(3), 303(2) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना सिविल लाईन एवं ए.सी.सी.यू. की संयुक्त टीम गठित कर पतासाजी की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान ताज मोहम्मद पिता इलियास मोहम्मद निवासी समयपुर, मेरठ (उ.प्र.) के रूप में हुई।
उक्त आरोपी कुख्यात एवं शातिर प्रवृत्ति का है, जिसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों के अलग-अलग थानों में चोरी एवं लूट के 47 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस टीम द्वारा पिछले 20 दिनों से दिल्ली–मेरठ क्षेत्र में सतत कैम्प कर निगरानी एवं दबिश दी जा रही थी। अथक प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 25.04.2026 को आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
उक्त सराहनीय कार्य हेतु गिरफ्तारी करने वाली टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
