सरकंडा थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, टी आई को दिया इनाम।

बिलासपुर,निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  द्वारा थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के क्रम में सीसीटीएनएस कक्ष में सीसीटीएनएस ऑपरेटर से प्रणाली अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए रिकॉर्ड संधारण एवं अद्यतन स्थिति का अवलोकन किया गया। थाना में पंजीबद्ध प्रकरणों से संबंधित सभी फार्म अद्यतन पाए जाने पर उत्कृष्ट कार्य हेतु सीसीटीएनएस आरक्षक रविशंकर ध्रुव को ईनाम प्रदान करने की घोषणा की गई।

इसी क्रम में रीडर शाखा का निरीक्षण करते हुए पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई। दिसंबर माह से पूर्व किसी भी पासपोर्ट सत्यापन का प्रकरण लंबित नहीं पाया गया तथा चरित्र सत्यापन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया गया है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए रीडर आरक्षक लालबहादुर कुर्रे को उचित ईनाम दिए जाने की अनुशंसा की गई एवं शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

विवेचक कक्ष के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  द्वारा स्वयं उपस्थित विवेचकों से पुराने लंबित अपराधों के संबंध में जानकारी लेकर प्रकरणों का अवलोकन किया गया। विवेचक सउनि प्रवीण लाल एवं प्र.आर. राजेश्वर छत्री के पास वर्ष 2024 एवं उससे पूर्व का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं पाया गया तथा वर्ष 2025 का मात्र एक-एक प्रकरण लंबित होने पर उन्हें उत्कृष्ट कार्य हेतु उचित ईनाम देने की घोषणा की गई। अन्य विवेचकों को भी लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया गया।

इस दौरान समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में सतत गश्त सुनिश्चित करने, चोरी एवं नकबजनी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

थाना क्षेत्र के गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर कड़ी हिदायत देने एवं वर्तमान में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु निरंतर सघन एवं प्रभावी पेट्रोलिंग की जा रही है। विगत दिवसों में 35 गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई है। आज ही 06 बदमाशों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा 01 बदमाश के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है, जिनमें चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त तथा जेल से रिहा होने के पश्चात पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय अपराधी भी शामिल हैं।

आज की गई आर्म्स एक्ट की कार्यवाही से संतुष्ट होकर प्र.आर. विजय पाण्डे को तथा थाना के समग्र एवं सुचारु संचालन से संतुष्ट होकर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य को नगद ईनाम प्रदान करने की घोषणा की गई।

निरीक्षण के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा थाना सरकण्डा के समस्त विवेचकों को अपराध निराकरण में और अधिक गतिशीलता लाने हेतु प्रेरित किया गया तथा वर्ष के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को उचित ईनाम दिए जाने की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recommended
*उप मुख्यमंत्री  अरुण साव शहरी विकास मंत्रियों की बैठक में…
Cresta Posts Box by CP