बंगाल स्वीट्स और साईं सुपर मार्केट से बूंदी का लड्डू और मिक्स गुलाब जामुन जप्त।

बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की बड़ी कार्रवाई: मिलावट पर लगाम लगाने के लिए चार फर्मों का निरीक्षण, बेसन-बूंदी लड्डू और गुलाब जामुन मिक्स सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने

बिलासपुर, 30 अक्टूबर 2026:

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को जिला बिलासपुर में अभिहित अधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ताबड़तोड़ निरीक्षण कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान टीम ने शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। इस कार्रवाई के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

 * बंगाल स्वीट्स (जरहाभाटा): टीम द्वारा फर्म ‘बंगाल स्वीट्स, जरहाभाटा’ का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान से गुणवत्ता की पुष्टि के लिए बेसन लड्डू और बूंदी लड्डू का आधिकारिक नमूना (सैंपल) लिया गया।

 * साई सुपर मार्केट: टीम ने ‘साई सुपर मार्केट’ का भी निरीक्षण किया। यहां से खुले रूप में बिक रही लूज शक्कर तथा इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन के नमूने जांच हेतु संकलित किए गए।

 * अन्य फर्मों का निरीक्षण: अभियान के तहत कुल 04 अन्य फर्मों का भी निरीक्षण किया गया और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

विभाग द्वारा संग्रहित किए गए सभी नमूनों को मानक जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन और आम दिनों में भी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *