आधारशिला विद्या मंदिर न्यू सैनिक स्कूल में कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं सामाजिक शिष्टाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एवीएम कैडेट्स मेस में टेबल एटिकेट्स (भोजन संबंधी शिष्टाचार) पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर, मध्य प्रदेश के सहायक प्राध्यापक जोजी जोस उपस्थित रहे।
जोजी जोस होटल मैनेजमेंट में स्नातक (IHM, चेन्नई), मानव संसाधन एवं वित्त में एमबीए (गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर), ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर (इग्नू) हैं । उन्होंने कैडेट्स को भोजन के दौरान अपनाए जाने वाले उचित व्यवहार, टेबल मैनर्स, कटलरी के सही उपयोग, भोजन परोसने एवं ग्रहण करने के शिष्ट तरीकों तथा औपचारिक भोज में आवश्यक शिष्टाचार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रशिक्षण सत्र में बताया गया कि टेबल एटिकेट्स केवल भोजन करने का तरीका नहीं, बल्कि व्यक्ति के संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रतिबिंब है। विशेष रूप से सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए इसका महत्व और भी अधिक है, क्योंकि उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), सशस्त्र बलों तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में नेतृत्व की जिम्मेदारियाँ निभाने के लिए तैयार किया जाता है। सैन्य जीवन में औपचारिक भोज, अधिकारियों एवं अतिथियों के साथ भोजन तथा विभिन्न सामाजिक और आधिकारिक अवसरों पर शिष्ट व्यवहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सही टेबल मैनर्स कैडेट्स में आत्मसंयम, विनम्रता, अनुशासन और सामाजिक दक्षता विकसित करते हैं, जो एक अच्छे अधिकारी के व्यक्तित्व के आवश्यक गुण हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अजय श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और प्रभावशाली व्यक्तित्व का विकास करना भी है। टेबल एटिकेट्स जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कैडेट्स को जीवन के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराते हैं और उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करते हैं।
विद्यालय के डायरेक्टर एस. के. जनस्वामी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिक स्कूल के कैडेट्स के लिए अनुशासन और शिष्टाचार उनके दैनिक जीवन का अभिन्न अंग होना चाहिए। भोजन संबंधी शिष्टाचार सीखना उनके व्यक्तित्व में परिपक्वता लाता है तथा उन्हें औपचारिक एवं सामाजिक परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ व्यवहार करने में सक्षम बनाता है।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती जी. आर. मधुलिका ने कहा कि कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ जीवन कौशल, सामाजिक व्यवहार और व्यक्तिगत शिष्टाचार का प्रशिक्षण भी आवश्यक है। टेबल एटिकेट्स का अभ्यास विद्यार्थियों में स्वच्छता, विनम्रता, आत्मअनुशासन और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करता है। ये गुण उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक और भविष्य में एक योग्य सैन्य अधिकारी बनने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को दैनिक जीवन के साथ-साथ औपचारिक भोज, सामाजिक आयोजनों एवं भविष्य के पेशेवर जीवन में उचित व्यवहार के लिए तैयार करना था। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से एवीएम न्यू सैनिक स्कूल कैडेट्स के शैक्षणिक, शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के साथ-साथ उनके नेतृत्व गुणों और अधिकारी-सदृश व्यक्तित्व को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।