नेशनल लेवल में हुनर दिखाएगी बिलासपुर की तृषा और रेणुका, छत्तीसगढ़ के 40 विद्यार्थी इंस्पायर अवार्ड में दिखाएंगे नवाचार।

बिलासपुर/रायपुर। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना सत्र 2024-25 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 20 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इनमें बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड की दो छात्राएं कुमारी तृषा कमलेश और कुमारी रेणुका धनुआर भी शामिल हैं। दोनों छात्राएं अपने नवाचारी मॉडलों के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह है।
राजधानी रायपुर के बीटीआई ग्राउंड परिसर स्थित एससीईआरटी भवन के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री  गजेंद्र यादव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इंस्पायर अवार्ड योजना बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक बच्चे में मौलिक प्रतिभा होती है, आवश्यकता उसे पहचानने और उचित अवसर प्रदान करने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा अपने आविष्कारों को समाज के लिए उपयोगी बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से लगभग 80 हजार नवाचारी विचार सामने आए हैं।
शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि नवाचार का अर्थ केवल नई वस्तु का आविष्कार करना नहीं, बल्कि पुराने कार्यों को नए और बेहतर तरीकों से करना भी है। विद्यार्थियों को प्रयोग करने, गलतियों से सीखने और आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत करने चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ग्रामीण, आदिवासी या किसी भी सामाजिक परिवेश से आते हों, उनकी सफलता का आधार उनकी क्षमता, मेहनत और सोच होती है। भाषा की तुलना में विषय की समझ, ज्ञान और कार्य करने की योग्यता अधिक महत्वपूर्ण है।

समाज की समस्याओं के समाधान पर आधारित मॉडल
बिल्हा की कुमारी रेणुका धनुआर ने ‘Wall Mount Spit Detection and Alarm System’ मॉडल तैयार किया है। यह सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की स्थिति का पता लगाकर अलार्म के माध्यम से लोगों को सचेत करने की परिकल्पना पर आधारित है। वहीं, कुमारी तृषा कमलेश का ‘Weather Guard Smart Bag’ सेंसर आधारित नवाचार है, जिसमें बारिश अथवा नमी का संकेत मिलने पर जुड़े छाते को स्वतः खोलने की व्यवस्था की परिकल्पना की गई है। दोनों मॉडलों का उद्देश्य दैनिक जीवन की समस्याओं का तकनीक के माध्यम से व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करना है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के तहत विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बिल्हा में दोनों छात्राओं के मॉडलों का मॉक एग्जिबिशन भी आयोजित किया गया था। इसमें अधिकारियों, शिक्षाविदों, विज्ञान शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता तथा प्रस्तुति पर मार्गदर्शन दिया।इस मौके पर संचालक लोक शिक्षण  ऋतुराज रघुवंशी, उप संचालक  हिमांशु भारती, सहायक संचालक एवं प्रभारी इंस्पायर अवार्ड  सतीश महेश्वरी विशेष रूप से उपस्थित थे। जिला कलेक्टर  संजय अग्रवाल जिला शिक्षा अधिकारी  संदीप पांडे शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक जिला नोडल अधिकारी मुकेश अग्रवाल विकासखंड नोडल अधिकारी सुनीता ध्रुव प्राचार्य  सी के धृतलहरे एवं साधना प्रधान प्रशिक्षक एम गायत्री, श्रीमती मधु जायसवाल, पालको ने अपनी शुभकामनाएं विद्यार्थियों को दीं है।

इंस्पायर अवार्ड मानक योजना भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जाती है। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के मौलिक विचारों को प्रोत्साहित करने वाली इस योजना में चयनित विद्यार्थियों को मॉडल विकसित करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। जिला और राज्य स्तर की चयन प्रक्रिया के बाद राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं तृषा और रेणुका की उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

*चार हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स जिले से जारी सत्र में करेंगे भागीदारी-*
2026 -27 के लिए इंस्पायर अवार्ड पंजीयन हेतु संख्यात्मक सहभागिता के आधार पर बिलासपुर जिला पूरे प्रदेश में सबसे आगे रहा है। बिलासपुर जिले से चार विकासखंडों के शासकीय अशासकीय स्कूलों से कुल 4209 विद्यार्थियों में जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपने विचार और आइडिया का इंस्पायर अवार्ड मानक योजना की वेबसाइट में ऑनलाइन पंजीयन कराया है।बिल्हा विकासखंड से 383 स्कूलो से 1839 विद्यार्थियों ने भागीदारी की है। प्रदेश की सभी ब्लाकों में संख्यात्मक सहभागिता के आधार पर विकासखंड बिल्हा प्रथम स्थान पर है। तखतपुर से 835 कोटा से 700 से मस्तूरी से 771 विद्यार्थी ने जिला लेवल प्रतियोगिता के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।
Block School Students
Bilha 383 1839
Kota 158 764
Masturi 157 771
Takhatpur 172 835
Total 869 4209

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *