
*भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की प्रेस वार्ता के मुख्य बिंदु*
*भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन पर ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाती है लेकिन इस बार 07 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री एक संवैधानिक प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे कर रहे हैं। इसलिए हमने जन सेवा और समर्पण के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमने एक महीने का सेवा संकल्प अभियान मनाने का निर्णय लिया है।*
*आज के दौर में जहाँ सरकारों का 5 वर्ष पूरा होना भी एक उपलब्धि होती है, वहीं भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण लोकतंत्र में 25 वर्षों तक लगातार जनता का आशीर्वाद पाना और उनकी सेवा करना अपने आप में असाधारण है और लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय भी।*
*एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर देश के ‘प्रधान सेवक’ तक का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सफर यह सिद्ध करता है कि यदि विज्ञन स्पष्ट हो और संकल्प दृढ़ हो, तो देश के सामान्य नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।*
*’सेवा संकल्प अभियान’ में इस बार हमने 12 कार्यक्रमों को हाथ में लिया है जिसके माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लिया जाएगा। आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत – चित्र सेवा, नमो सेवा – अनकही कहानियां, आँगन मिलन सेवा जैसे कार्यक्रम इसमें शामिल हैं।*
*वडनगर – वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन संवाद जैसे इनिशिएटिव इस बार हमने लिए हैं।*
*मोदी ने केवल देश का विकास नहीं किया, बल्कि भारत की सोच बदली है और सोचने के स्केल को ऊपर उठाया है। युवा जॉब सीकर से जॉब गिवर बने और बेटियां लाभार्थी से नेतृत्वकर्ता बनीं।*
*आज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है, भारत की साख और शान में कई गुना बढ़ोत्तरी हुई है. इसी का नतीजा है कि 37 देशों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान दिया है। यह सम्मान 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ का सम्मान है।*
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया और इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर एक माह तक चलने वाले पार्टी के विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर बार प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘सेवा पखवाड़ा का आयोजन करती है लेकिन इस बार यह सुखद संयोग बन रहा है कि 07 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री जी जनसेवा में एक संवैधानिक प्रमुख (मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री) के रूप में अपने 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। इसलिए, इस बार हमने जन सेवा और समर्पण के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमने एक महीने का सेवा संकल्प अभियान मनाने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प मजबूत करना है। देश भर में भाजपा कार्यकर्ता और आम जन की इस अभियान में सहभागिता होगी और हम सब मिलकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाएंगे। इस प्रेस वार्ता में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्य सभा सांसद विनोद तावड़े और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं लोक सभा सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित थे।
श्री नवीन ने कहा कि 7अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने वाले हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने अपने कार्यकाल का प्रारंभ किया और पिछले 25 वर्षों में जनसेवा से राष्ट्र सेवा के मंत्र को अपनाते हुए अपनी इस सेवा यात्रा को सतत जारी रखा है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूरे कार्यकाल को इस रूप में देखा जा सकता है कि पहले दिन से जो ध्येय वाक्य और ध्येय शब्द उनके मन में रहे, उन्हें हमेशा संकल्प और सिद्धि तक पहुंचाने का प्रयास किया। 25 करोड़ गरीब परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर लाने में सफल रहे, तो यह उनके नेतृत्व और उनकी सोच का परिणाम रहा। 80 करोड़ लोगों को राशन उपलब्ध कराना हो, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजना से जोड़ना हो या 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण के माध्यम से लोगों के जीवन में बदलाव लाना हो, यह सब उनके प्रयासों का परिणाम है। 200 करोड़ कोविड के मुफ्त टीके और 4 करोड़ से अधिक गरीबों के लिए आवास बनाना सामान्य घटना नहीं है। यह सामान्य परिवर्तन नहीं है, बल्कि वह परिवर्तन है, जो आम लोगों के जीवन में लाने का उनका प्रयास रहा है और उनके जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सफर एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में प्रारंभ हुआ और आज देश के प्रधान सेवक के रूप में उन्होंने जिस प्रकार काम को आगे बढ़ाया है, यह उनके स्पष्ट विजन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। जब उन्होंने देश का नेतृत्व संभाला, तब पूरे देश में निराशा और अंधकार का माहौल था। पॉलिसी पैरालिसिस का दौर था और हमारी इकोनॉमी को फ्रैजाइल-5 के रूप में देखा जाता था। लेकिन आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में सामने आ रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की जो अलग पहचान बनी, भारत की साख और सम्मान में जो लगातार वृद्धि हुई, यह उसी का परिणाम है। आज विश्व भर में भारत का प्रभुत्व और भारत का सम्मान जिस प्रकार उनके नेतृत्व में बढ़ा है, यह हम सबने देखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 37 अंतर्राष्ट्रीय सम्मान मिला है जो 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ का सम्मान है।
श्री नवीन ने कहा कि एक समय यह भी था कि इस देश में आतंकवाद के रूप में सामान्य जीवन हमेशा अभिशाप के रूप में मिलता रहा। आम आदमी के मन और मस्तिष्क में आतंकवाद का डर और भय हमेशा रहता था लेकिन उनके नेतृत्व में जहां हमने बाहरी और आंतरिक, दोनों ही सुरक्षाओं के माध्यम से देश के लोगों को सुरक्षित किया, वहीं देश के लोगों का मनोबल भी बढ़ाया। आज हर एक भारतीय अपने आप को सुरक्षित और सम्मान के साथ आगे बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नक्सलवाद को उसकी जड़ों से समाप्त करने का काम किया और 200 से अधिक जिलों को, जो प्रभावित जिले थे, आज नक्सल मुक्त जिलों के रूप में पूरी तरह से आम जनजीवन की तरह आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केवल विकास ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जड़ों को भी मजबूत किया गया। आज अगर भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सोमनाथ और महाकाल कॉरिडोर की बात करते हैं, तो देश की सांस्कृतिक धरोहर को पूरी तरह से सुजित और विकसित करने में पहल यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। जहां एक ओर देश का युवा निराशा के वातावरण में था, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 के बाद से उसे आशा और उम्मीद के वातावरण में लाने का काम किया। स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के माध्यम से भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप नेशन बना है और हमारे युवा आगे आकर केवल जॉब सीकर्स नहीं, बल्कि जॉब गिवर्स बनकर उभरे हैं। साथ ही, आज भारत “खेलेगा इंडिया” और “फिट इंडिया” के माध्यम से देश का युवा हर क्षेत्र में प्रतिनिधित्व कर रहा है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कल तक वुमेन डेवलपमेंट की बात होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वुमेन-लेड डेवलपमेंट की बात को आगे लाया। आज “बेटी बचाओ” से लेकर “बेटी पढ़ाओ” तक जिस सफर की शुरुआत हुई, वह आज लखपति दीदी तक पहुंचा है। साथ ही, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के माध्यम से देश की महिलाओं को उनका अधिकार और नीति-निर्धारण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास चल रहा है। इन सबके पीछे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सतत भाव सेवा का रहा है। गुजरात से उन्होंने जो सफर शुरू किया, उसमें नर्मदा बांध के माध्यम से गुजरात के लोगों को घर-घर तक पानी पहुंचाने, “ज्योतिग्राम योजना” के माध्यम से गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने और “वाइब्रेंट गुजरात” के माध्यम से गुजरात को इन्वेस्टमेंट से लेकर अलग-अलग सेक्टर में आगे बढ़ाने का पूरा विजन उन्होंने गुजरात के लोगों को दिया। गुजरात का जो ग्रोथ रेट रहा, वह अपने आप में सभी राज्यों के लिए एक कंपैटिटिव मॉडल बना। केवल गुजरात के शहरों को ही नहीं, बल्कि गुजरात के गांवों को भी विकसित करने का संकल्प उन्होंने पूरा किया। जब आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे बढ़ाया और उस आपदा की घड़ी में, जब पूरा देश कोरोना के कालखंड में खड़ा था, तब उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और “वोकल फॉर लोकल” की कल्पना दी और पूरा देश उससे जुड़ा।
श्री नवीन ने कहा कि आज इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ की बात करें, मैनपावर से मैन्युफैक्चरिंग पावर की बात करें, डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भरता की बात करें, कृषि विभाग से कृषि कल्याण विभाग की बात करें या स्पेस सेक्टर की बात करें, इन सभी सेक्टरों की चर्चा इसलिए की गई, क्योंकि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूरे कार्यकाल में इन सेक्टरों में किस प्रकार से ग्रोथ हुई और किस प्रकार से देश को अग्रणी भूमिका में लाने का प्रयास किया गया, वह हम सबके सामने है। लेकिन उन्होंने केवल इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट की बात नहीं की, बल्कि इस देश की सोच को भी बदलने का प्रयास किया। हम कह सकते हैं कि जब इस देश को क्षेत्र और वर्ग में बांटने की बात हुई, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “ज्ञान” के रूप में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को समान अधिकार देते हुए, उन्हें सामने रखकर योजनाओं के निर्माण की बात कही। यह ऐसी सोच थी, जो हर एक भारतवासी को जोड़ रही थी। एक समय था कि हमारी सीमाओं के गांवों को लोग अंतिम गांव कहते थे, उन्होंने उसकी परिभाषा को भी परिवर्तित किया। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वे हमारे प्रथम गांव हैं। तो सोच में बदलाव की यह बात उनके पूरे कालखंड को देखते हुए स्पष्ट होती है। केवल युगांतरकारी निर्णय ही नहीं हुए, आम लोगों के जीवन में बदलाव ही नहीं हुआ, बल्कि आम लोगों की सोच में भी बदलाव आया है। 25 वर्षों के सतत सेवा और समर्पण के कार्यकाल में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेदाग जीवन और सुशासन ने लोकतंत्र के इतिहास को एक नई परिभाषा दी है। जनसेवा और समर्पण के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भारतीय जनता पार्टी का दायित्व है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसी उद्देश्य से 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 17 सितंबर को आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर “सेवा दिवस” के रूप में होगी, जिसे हर वर्ष “सेवा पखवाड़ा” के तहत मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पूरे जीवन में सेवा के भाव से समाज को जोड़ते हुए विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया है। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनमानस की सहभागिता से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रथम दिन 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसमें युवा और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी। इसी दिन शाम 7:00 बजे “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार, विशेषकर लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद स्वरूप दीप जलाए जाएंगे। यह पिछले 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और “विकसित भारत 2047” के संकल्प का प्रतीक होगा। 2 अक्टूबर को हर साल स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी इसे उसी रूप में किया जाएगा। इसके बाद “मेरे सपनों का भारत के तहत पिछले 25 वर्षों की सेवा और समर्पण तथा “विकसित भारत” की कल्पना जैसे विषयों पर 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी स्कूलों में चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट चित्रों और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री तथा अन्य केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र देने की योजना है।
श्री नवीन ने कहा कि ‘नमो सेवाः अनकही कहानियां” के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 साल के कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को भावनात्मक संगीतपूर्ण नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत कर हर गांव तक पहुंचाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। “आंगन मिलन सेवा” के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों के सम्मान की भावना को आगे बढ़ाते हुए, आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं के साथ मोदी सरकार की पोषण, स्वास्थ्य और महिला संबंधित योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। साथ ही, मनोरंजन और अन्य गतिविधियों के आयोजन की योजना है। साथ ही, “सेवा की कहानी” के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियों को एक प्लेटफॉर्म दिया जाएगा। इसके माध्यम से देश और दुनिया को बताया जाएगा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल में लाखों-करोड़ों लोगों के जीवन में किस प्रकार बदलाव आया है। “सेवा ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प के तहत 7 अक्टूबर 2026 को आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ते हुए जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी और “विकसित भारत 2047” का संकल्प लिया जाएगा। सेवा ज्योति कलश के साथ सुरक्षात्मक मानकों का पालन करते हुए सुविधानुसार पैदल यात्रा या बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। देश के सभी जिला मुख्यालयों सहित करीब 1,000 स्थानों पर “विकसित भारत 2047” का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि युवा मोर्चा के माध्यम से एक अलग यात्रा की भी योजना है। इसमें दो यात्राएं निकलेंगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनकी कर्मभूमि बनारस तक और बनारस से वडनगर तक सेवा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा 10 अलग-अलग टोलियों में निकलेगी, जिनका नेतृत्व युवा करेंगे। प्रत्येक टोली में 50 युवा साथी होंगे, जो पूरे रूट में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य हाटकेश्वर महादेव, वडनगर और काशी विश्वनाथ, वाराणसी में जलाभिषेक के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करना है। यात्रा के दौरान गांवों में चौपाल, आंगनवाड़ी केंद्रों, किसानों और शहरों के युवा क्लबों के साथ संवाद किया जाएगा। प्रत्येक टोली प्रतिदिन करीब 5 से 7 कार्यक्रम करेगी। करीब 20 दिनों की यह यात्रा अलग-अॅलग रूट से लगभग 10 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, जनता का फीडबैक लेना, चौपाल के माध्यम से जनसंवाद करना और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करना यात्रा का उद्देश्य होगा। साथ ही, “सेवाः मेरा योगदान” के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस विचार को आगे बढ़ाया जाएगा कि हर व्यक्ति को देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच जनभागीदारी के माध्यम से 25 विभिन्न थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन विषयों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से आग्रह किया जाएगा कि वह “सेवाः मेरा योगदान” के तहत अपना समय श्रमदान और मनदान के रूप में दे।
श्री नवीन ने कहा कि “सेवाः मेरा योगदान” के माध्यम से यह बताया जाएगा कि पहले क्या स्थिति थी और आज क्या परिवर्तन आया है। इसके तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट का श्रमदान देने की अपील की जाएगी। करीब 25 अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज से जुड़े विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है, ताकि आम जनमानस अपने जुड़ाव के साथ योगदान दे सके और देश के विकास में भागीदार बन सके। “सेवा सेतु अभियान” के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जो लाभार्थी किसी कारणवश योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उनके आवेदन ब्लॉक स्तर पर लेकर समय-सीमा के भीतर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। साथ ही, स्वास्थ्य शिविर और अन्य योजनाओं की जानकारी के लिए भी कैंप लगाए जाएंगे। “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग के तहत देश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूह (रंगोली) के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित करते हुए यह ह्यूमन रंगोली बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें विभिन्न प्रकार के कलाकार, महिला बहनें, हमारे स्वयं सहायता समूह की बहनें, विद्यार्थी और व्यापक स्तर पर जनभागीदारी के माध्यम से यह कार्यक्रम किया जाएगा। इस मानव समूह रंगोली में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं को भी प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक विशेष कार्यक्रम ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज आयोजित किया जा रहा है। यह देश के युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट इनोवेटर्स के लिए होगा। राज्यों से अपने स्तर पर इनोवेशन चैलेंज आयोजित करने को कहा गया है, जिसमें स्टार्टअप्स भाग लेंगे। इसके लिए शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क्स और इनक्यूबेशन सेंटर्स को जोड़ा जाएगा तथा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। चयनित इनोवेटर्स को राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाएगा, जहां लाइव प्रदर्शनी, लाइव डेमो और युवा संवाद के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित होगा तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। आखिरी कार्यक्रम “सुशासन संवाद” है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनप्रतिनिधियों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। 14वें और 15वें वित्त आयोग के बाद पंचायती और निकाय स्तर के जनप्रतिनिधियों को योजनाएं बनाने और उनके क्रियान्वयन में अधिक सहभागिता मिली है। आज सरपंच, मुखिया और वार्ड सदस्य तक यह मानते हैं कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में उन्हें जोड़ा गया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 साल के कार्यकाल पूरे होने के अवसर पर इन जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने की योजना है। इसके तहत सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री तक की सहभागिता वाला कार्यक्रम “विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी प्रकार के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। यह कार्यक्रम पूरे देश में 4 से 5 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित करने की योजना है।
श्री नवीन ने कहा कि आज जिन कार्यक्रमों की चर्चा की गई है, उन्हें करोड़ों लोगों तक यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप पहुंचाने के लिए तैयार किया गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनमानस की सहभागिता से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आगे बढ़ाने, देश को एक साथ लेकर चलने और माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को इन कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। मीडिया के माध्यम से भी इन कार्यक्रमों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मिलकर आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के ऐतिहासिक कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाएंगे। आज देश और दुनिया में हमारे नेतृत्व को जो सम्मान मिल रहा है, वह 140 करोड़ देशवासियों के सम्मान को बढ़ाने का काम करता है। इसी भावना के साथ इन कार्यक्रमों को आयोजित किया जा रहा है और उम्मीद है कि सभी के माध्यम से यह कार्यक्रम जनमानस तक पहुंचेगा।