कोटा में बढ़ते मलेरिया संक्रमण को लेकर कलेक्टर से मिले विधायक अटल श्रीवास्तव*।

स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

बिलासपुर/कोटा। कोटा विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते मलेरिया संक्रमण को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने बिलासपुर कलेक्टर  संजय अग्रवाल से मुलाकात कर प्रभावित ग्रामीणों के समुचित उपचार, जांच एवं बीमारी से बचाव के लिए तत्काल आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री को भी पत्र लिखकर कोटा क्षेत्र में पर्याप्त स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि कोटा विधानसभा क्षेत्र सुदूर वनांचल एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र है। बारिश के मौसम में मलेरिया, डेंगू, डायरिया सहित अन्य गंभीर बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता है। पूर्व वर्षों में भी मलेरिया एवं डायरिया जैसी बीमारियों के कारण कई ग्रामीणों की मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में ग्रामीणों को समय पर जांच, उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कलेक्टर के समक्ष मांग रखी कि मलेरिया से प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाए। सुदूर एवं संवेदनशील ग्रामों में लगभग 5,000 मच्छरदानियों का वितरण किया जाए। मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने के लिए बेलगहना अथवा केंदा में 108 एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां एवं आवश्यक जांच सामग्री उपलब्ध रखी जाए।

विधायक ने क्षेत्र में निरंतर कीटनाशक का छिड़काव एवं फॉगिंग, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति तथा मलेरिया प्रभावित गांवों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने विधायक को बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जांच एवं उपचार किया जा रहा है तथा मरीजों की सुविधा के लिए मोबाइल एंबुलेंस भी संचालित की जा रही है।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि कोटा क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए केवल सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष एवं स्थायी स्वास्थ्य व्यवस्था आवश्यक है।

इसी मांग को लेकर विधायक अटल श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर कोटा विधानसभा क्षेत्र में मलेरिया के तत्काल जांच, उपचार एवं बचाव के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recommended
सरकंडा पुलिस द्वारा नाबालिग बच्ची को डरा धमका कर सोने…
Cresta Posts Box by CP