बिलासपुर निवासी होटल व्यवसायी कि बहु एंजेल चौकसे, मिसेज इंटरनेशनल का खिताब जीतकर छत्तीसगढ़ बिलासपुर का नाम रौशन किया है, प्रेस वार्ता में एंजेल ने कहा कि मेरा परिवार मेरे जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। मेरे पति रितेश चौकसे, मेरी 21 वर्षीय बेटी विनस चौकसे, जो वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, मेरे माता-पिता एवं सास-ससुर-हम सभी एक संयुक्त परिवार में साथ रहते हैं। आज मैं जिस मुकाम पर खड़ी हूँ, उसके पीछे मेरे पूरे परिवार का त्याग, विश्वास और निरंतर सहयोग है।
हाल ही में मुझे दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित प्रतिष्ठित Mrs. India International Queen 2026 प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला। यह मेरे जीवन का केवल एक मंच नहीं था, बल्कि वर्षों से संजोए गए एक सपने को साकार करने की यात्रा थी।
बहुत बहुत कम लोग जानते हैं कि कॉलेज के दिनों से ही मेरी रुचि फैशन और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट के क्षेत्र में रही है। मैं होम साइंस की छात्रा थी और उसी दौरान मैंने अपने कॉलेज की ब्यूटी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, जहाँ मुझे ‘Miss Home Science’ का खिताब मिला था। तभी से मेरे मन में यह सपना था कि मैं इस क्षेत्र में आगे बढूँ और एक बड़ा मंच हासिल करूँ।
लेकिन विवाह के बाद मेरी जिम्मेदारियां बढ़ गई। परिवार, घर-गृहस्थी और जिम्मेदारियों के बीच मेरा यह सपना कहीं पीछे छूट गया। हालांकि, मेरे पति और परिवार ने कभी भी मेरे सपनों को मरने नहीं दिया। उन्होंने हमेशा मुझ पर विश्वास किया, मुझे प्रेरित किया और हर कदम पर मेरा हौसला बढ़ाया। उन्हीं के विश्वास ने मुझे एक बार फिर अपने सपने को जीने की ताकत दी।
पिछले लगभग एक वर्ष से मैं इस प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थी। 42 वर्ष की उम्र में इस स्तर की प्रतियोगिता में उतरना आसान नहीं था। मेरे सामने सबसे बड़ी चुनौती मेरी फिटनेस, अनुशासन और मानसिक मजबूती थी। मैंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, कैटवॉक, ग्रूमिंग, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की। कई बार ऐसा लगा कि यह सफर बहुत कठिन है, लेकिन मैंने कभी हार नहीं मानी।
दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत सहित सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका (USA) और लंदन से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता लगातार पाँच दिनों तक चली। हर दिन सुबह लगभग 6 बजे से तैयारियों की शुरुआत होती थी और रात 11 बजे तक विभिन्न राउंड चलते थे।
इन राउंड्स में कैटवॉक, टैलेंट राउंड, इंट्रोडक्शन, प्रश्नोत्तर, ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी असेसमेंट और कई अन्य चुनौतीपूर्ण चरण शामिल थे। हर राउंड के साथ प्रतियोगिता का स्तर और कठिन होता गया, लेकिन मैंने पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ प्रत्येक चरण को पार किया और फाइनल राउंड तक पहुँची।
इस प्रतियोगिता ने मुझे केवल एक ताज ही नहीं दिया, बल्कि जीवन के कई महत्वपूर्ण अनुभव भी दिए। अलग-अलग देशों से आई प्रतिभागियों की संस्कृति, सोच, आत्मविश्वास और जीवनशैली को करीब से जानने और उनसे सीखने का अवसर मिला। यह अनुभव मेरे लिए अमूल्य है।
मुझे अत्यंत गर्व और प्रसन्नता है कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मुझे Mrs. India International Queen “Alluring” 2026 का खिताब प्राप्त हुआ। यह सम्मान केवल मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का सम्मान है। मुझे गर्व है कि मैंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शहर बिलासपुर का नाम रोशन करने का एक छोटा-सा प्रयास किया है।
मैं विशेष रूप से अपने पति श्री रितेश चौकसे, अपनी बेटी विनस चौकसे, अपने माता-पिता, सास-ससुर, परिवार के सभी सदस्यों, अपने मित्रों, शुभचिंतकों, प्रशिक्षकों और उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करती हूँ जिन्होंने हर परिस्थिति में मेरा साथ दिया। यदि उनका विश्वास और सहयोग नहीं होता, तो शायद मैं आज यहाँ तक नहीं पहुँच पाती।
मैं बिलासपुर और छत्तीसगढ़ की सभी महिलाओं और बेटियों से यही कहना चाहती हूँ कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती। यदि आपके भीतर जुनून, मेहनत और आत्मविश्वास है, तो जीवन के किसी भी पड़ाव पर अपने सपनों को साकार किया जा सकता है। परिवार और जिम्मेदारियाँ हमारी ताकत बन सकती हैं, यदि हम उन्हें अपने सपनों का साथी बना लें।
अंत में, मैं मीडिया के सभी साथियों का विशेष रूप से धन्यवाद देना चाहती हूँ कि आपने मेरी इस उपलब्धि को समाज तक पहुँचाने का माध्यम बनने का कार्य किया। मैं इस सम्मान और अपनी खुशी को पूरे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित करती हूँ।
प्रेस वार्ता में मिसेज एंजेल के सास ससुर सहित परिवार के लोग मौजूद थे।