बिलासपुर। प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की सुशांक मिश्रा ने पालकों एवं छात्रों की समस्याओं को लेकर तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचकर पालकों, छात्रों एवं विद्यालय परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक चर्चा की।
प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की सुशांक मिश्रा ने बताया कि द्वितीय अवसर परीक्षा से संबंधित सूचना तथा शिक्षकों द्वारा छात्रों के साथ कथित भेदभाव जैसे मुद्दों को लेकर पालकों में भारी नाराज़गी देखने को मिली। आक्रोशित पालकों ने विद्यालय की प्राचार्य का घेराव कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं और राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समानता और छात्रों के हित सर्वोपरि होने चाहिए। यदि विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या भेदभाव किया जाता है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों और पालकों की जायज़ मांगों एवं समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुँचाकर उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।