नागरिक सुरक्षा मंच, बिलासपुर ने अरपा पार और सरकंडा क्षेत्र को पृथक नगर निगम का दर्जा दिलाने की अपनी तीन दशक पुरानी मांग को लेकर आज एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की है। इस मांग को लेकर सरकंडा में नागरिक सुरक्षा मंच के तत्वावधान में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन किया।
मंच के अमित तिवारी ने बताया कि पिछले 30 वर्षों से यह मांग निरंतर उठाई जा रही है, परंतु शासन,प्रशासन द्वारा लगातार उपेक्षा की जा रही है, उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के चुनावों के दौरान स्थानीय प्रत्याशियों द्वारा अपने घोषणा पत्र में अरपा पार को पृथक नगर निगम बनाने का वादा किया गया था, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के उपरांत भी उस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो कि क्षेत्र की जनता के साथ विश्वासघात है।
इस अवसर पर गौरव तिवारी ने सरकंडा क्षेत्र की बदहाली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में इस क्षेत्र का तीव्र शहरीकरण हुआ है और यहाँ शहर की आधी से अधिक आबादी निवास करती है। इसके बावजूद, क्षेत्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के मामले में पिछड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिलासपुर को ‘स्मार्ट सिटी’ का दर्जा मिलने के बावजूद सरकंडा को जानबूझकर इस योजना से बाहर रखा गया है। उन्होंने आर्थिक भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकंडा क्षेत्र Secl अपोलो और आम जनता से एकत्रित होने वाला भारी-भरकम संपत्ति कर बिलासपुर शहर के अन्य वार्डों में खर्च कर दिया जाता है, जबकि इस क्षेत्र का विकास उपेक्षित रहता है।
नागरिक सुरक्षा मंच ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ही गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में इस आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।
इसी दरमियान दिलीप पाटिल ने कहा कि अरपा पार में नगर निगम के 24 वार्ड हैं, जहाँ लगातार आबादी बढ़ रही है और लोगों को कार्य के लिए अरपा के उस पार विकास भवन जाना पड़ता है।
अलग नगर निगम बनने से लोगों को बुनियादी सुविधाएँ मिलेंगी और जिस प्रकार से विकास होना है, वह और अधिक गति से होगा। उनका मानना है कि अलग नगर निगम बनने से बच्चों और भविष्य की बेहतरी के लिए अधिक अवसर मिलेंगे। मांग पूरी न होने के सवाल पर पाटिल ने कहा कि शासन-प्रशासन को इस पर विचार करना चाहिए, लेकिन यह मांग पूरी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे सही तरीके से इस मांग को उठा रहे हैं और आने वाले समय में इसे और बड़े स्तर पर उठाया जाएगा, जिससे मांग पूरी होने की प्रबल संभावना है।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रदेश संयोजक श्याम मोहन दुबे ने अरपा पर के क्षेत्र को सुविधा विहीन एवं जन विरोधी व्यवस्थाओं को लेकर के अपनी बात रखी है।
इस प्रदर्शन के दौरान अमित तिवारी, गौरव तिवारी, वीरेंद्र मिश्रा, श्याम मोहन दुबे, कमल साहू, शेखर यादव, रमेश कुमार, दिनेश पांडे, राजेंद्र वर्मा, बल्लू यादव, दिलीप पाटिल, मोंटू वर्मा, राजकुमार यादव, शिवी खान, दिनेश पांडे, लंकेश्वरी सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।