
कोटा में शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का आज होगा भव्य समापन
कोटा : शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति अखिल भारतीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आज भव्य रूप से संपन्न होगा। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शाम 5:30 बजे से डी.के.पी. हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
समापन समारोह में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन के संरक्षक कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और जिला भाजपा अध्यक्ष मोहित जायसवाल उपस्थित रहेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में जनपद अध्यक्ष सूरज साधे भारद्वाज, कोटा नगर पालिका अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू एवं जिला पंचायत सदस्य रजनी पिंटू मरकाम शामिल होंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष आदित्य दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि कोटा के इतिहास में पहली बार शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में अखिल भारतीय स्तर की महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई है। यह आयोजन कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की प्रेरणा, संरक्षण और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन 23 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया था।
23 से 25 जनवरी तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 17 राज्यों की पुरुष टीमों और 11 राज्यों की महिला टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर के ऑफिशियल डेलीगेट और छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से आए रेफरी नियुक्त किए गए, जिनके सहयोग से आयोजन अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। खिलाड़ियों के आवागमन और ठहरने की समुचित व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की गई।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस भव्य आयोजन को साकार किया। उन्होंने कोटा की जनता से किया गया वादा निभाते हुए राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन कराया, जिससे क्षेत्र के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजन को सफल बनाने में लगभग 100 सदस्यीय आयोजन समिति के साथ राजू सिदार, अरुण त्रिवेदी, प्रकाश जायसवाल, फूलचंद अग्रहरि, कुलवंत सिंह, शिवदत्त पांडे, सुभाष अग्रवाल, अश्वनी उद्देश्य, सचिन साहू, कन्हैया गंधर्व, विशेष गुप्ता, प्रशांत अग्रहरि, दिलीप श्रीवास सहित कोटा नगर के कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस, पार्षद दल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं सेवा दल की टीम दिन-रात जुटी रही।
समापन समारोह में फाइनल मैच के बाद प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ पुरस्कारों सहित अन्य विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कोटा सहित आसपास के क्षेत्र के सभी खेल प्रेमियों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।
