बिलासपुर में रेत माफिया बेखौफ मंगला और लोखंडी घाटों पर खुलेआम रेत की खुदाई।

*बिलासपुर में रेत माफिया बेखौफ मंगला और लोखंडी घाटों पर खुलेआम रेत की खुदाई 
बिलासपुर – रेत माफिया एक बार फिर बेखौफ हो गए हैं। बिलासपुर के मंगला पाठबाबा और लोखंडी घाट से रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रॉली मे अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत और खनिज विभाग की चुप्पी से रेत माफिया को खुली छूट मिल गई है। अब नदी में पानी का स्तर कम है, तो रेत माफिया और भी ज्यादा सक्रिय हो गए हैं।यह तस्वीरें हैं लोखण्डी पाठबाबा और मंगला घाट की, जहां सुबह से ही रेत से भरे ट्रैक्टरों की लंबी कतार दिखाई देती है। घाटों पर खुलेआम रेत निकाली जा रही है, जबकि इन स्थानों पर खनन पर रोक लगी हुई है। हर दिन सैकड़ों ट्रैक्टर ट्राली रेत भरकर शहर और आसपास के इलाकों में पहुंच रहे हैं। फिलहाल नदी में पानी कम होने के कारण रेत की परतें साफ दिखाई दे रही हैं,जिसका फायदा उठाते हुए रेत माफिया और ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। बिना किसी डर के ट्रैक्टर और मशीनें नदी में उतार दी जाती हैं और रेत की लूट दिन-रात जारी है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की है, लेकिन प्रभावशाली लोगों और जनप्रतिनिधियों के दबाव के कारण कोई सुनवाई नहीं होती। ग्रामीणों का आरोप है कि खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते माफिया अब पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं। लगातार ट्रैक्टरों की आवाजाही से लोखंडी, धुरीपारा और मंगला बस्ती की सड़कें भी बुरी तरह टूट चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं, जिससे आम लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है।

अवैध रेत उत्खनन से न सिर्फ सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। नदी की गहराई बढ़ने से जलस्तर घट रहा है और आसपास के इलाकों की जमीन भी बंजर होती जा रही है। खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी, लेकिन सवाल यह है कि जब रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर रेत लेकर निकल रहे हैं, तो कार्रवाई आखिर कब होगी? मंगला और लोखंडी घाट में हो रहे इस अवैध उत्खनन को रोकने के लिए प्रशासन को जल्दी सख्त कदम उठाने की ज़रूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recommended
*कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस — कानून-व्यवस्था, मादक पदार्थ नियंत्रण और सड़क सुरक्षा…
Cresta Posts Box by CP