“रेल्वे के ख़िलाफ़ 27 सित.से धरना प्रदर्शन , 2 अक्तूबर से अमित तिवारी का आमरण अनशन “
————————————

बिलासपुर । रेल प्रशासन की मनमानियों से आज पूरे छत्तीसगढ़ की जनता परेशान है , यात्री गाड़ियाँ लगातार निरस्त की जा रही हैं वहीं जो गिनती कि गाड़ियाँ चल रही हैं वह भी अनिश्चित क़ालीन विलम्ब से चल रही हैं , जिसके चलते आम नागरिक का रेल्वे से विश्वास उठता जा रहा है , देश की 90 प्रतिशत आबादी का रेल ही एकमात्र सस्ता, सुलभ एवम् सुरक्षित यातायात माध्यम है , जो कि अब छत्तीसगढ़ की जनता से छीना जा रहा है । कुछ दिनों बाद बिलासपुर ज़ोन केवल माल (कोयला) लदान के लिये ही रह जाये ।
नागरिक सुरक्षा मंच द्वारा रेल्वे के इस तुगलकी निर्णय का अनेकों बार आंदोलनों के माध्यम से विरोध किया गया पर रेल प्रशासन के कान में जूँ तक नहीं रेंग रहा है , मंच के संयोजक एवम् प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अमित तिवारी ने कहा है कि अब रेल प्रशासन से जनता के इस मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई लड़ने का वक़्त आ गया है , रेल्वे की हठधर्मिता से आमजन रेल सुविधाओं से वंचित होते जा रहा है , अब इसके विरोध में 27 सितंबर से ज़ोनल मुख्यालय के सामने क्रमिक धरना दिया जाएगा जिसमें राजनीतिक दल , सामाजिक संगठन , व्यापारिक संगठन, श्रमिक संगठन , छात्र संगठनों एवम् नागरिकों से समर्थन लिया जाएगा
ज़िला युवक कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा है कि रेल्वे के तानाशाही रवैये के ख़िलाफ़ क्रमिक धरना प्रदर्शन को युवा कांग्रेस का पूर्ण समर्थन है । कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के ज़िला अध्यक्ष दिलीप पाटिल , कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हीरा यादव , दैनिक रेल यात्री संघ ने धरना आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया है ।
अमित तिवारी ने कहा कि अगर फिर भी रेल प्रशासन स्थगित यात्री गाड़ियों का संचालन प्रारम्भ कर लेट – लतीफ़ी पर नियंत्रण नहीं करती है तो. 2 अक्तूबर ( गांधी जयन्ती) से उनके द्वारा जोन मुख्यालय के समक्ष ही आमरण अनशन किया जायेगा ।