बिलासपुर। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यालय रायपुर में किये गये तोड़फोड एवं भाजपा नेताओं के पोस्टर पर कालिख फेकने व भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ की गई मारपीट के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक पुराना बस स्टैण्ड बिलासपुर में पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रायपुर भाजपा कार्यालय में किये गये तोड़फोड एवं भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ किये गये मारपीट घोर निंदनीय है। अग्रवाल ने कहा कि अदालत का फैसला यह दर्शाता है कि राहुल गाँधी ने देश के ओबीसी समाज के बारे में जो अनर्गल और आपत्तिजनक बातें 2019 के चुनाव में की थी, उसकी हम सब ने तब भी निंदा की थी, आज भी निंदा कर रहे हैं क्योंकि उनकी बातें काफी अपमानजनक थी। देश का क़ानून और देश का संविधान सबसे ऊपर है और उसकी नजर में देश के सभी नागरिक समान हैं। अदालत का निर्णय यह भी सिद्ध करता है कि चाहे कोई कितना भी बड़ा क्यों न हो, यदि उसने अपराध किया है तो उसे सजा जरूर मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यालय रायपुर किये गये तोड़फोड़ एवं भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ किये मारपीट पर अपना विरोध प्रगट करते हुए कहा कि अदालत द्वारा सजा सुनाने के बावजूद जिस तरह से राहुल गाँधी और कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उन अपमानजनक बातों को सही ठहरा रहे हैं, वह बताने के लिए काफी है कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं की मंशा क्या है। क्या देश की जनता के खिलाफ देश के एक बड़े नेता का ऐसा निंदनीय बोलना उन्हें शोभा देता है? क्या यह देश के संविधान का अपमान नहीं है? क्या यह आत्मसम्मान के साथ जीने वाले सभी लोगों का अपमान नहीं है? क्या राहुल गाँधी देश से और देश के संविधान से इतने बड़े हो गए हैं कि हमें गाली देने का उन्हें अधिकार मिल गया है?
पुतला दहन में प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निखिल केशरवानी, युवा मोर्चा जिला प्रभारी दीपक सिंह, , शैलेन्द्र यादव, साहिल भाभा, करन पाण्डेय सहित युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

