स्वदेशी अपनाना देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प : अरुण साव।

*स्वदेशी मेले में पहुंचे उपमुख्यमंत्री, स्टॉलों का किया अवलोकन, 17 वर्षों की यात्रा बनी शहर की पहचान*

सात दिवसीय मेले का होगा आज समापन

बिलासपुर। साइंस कॉलेज मैदान में स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित सात दिवसीय स्वदेशी मेला अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। गुरुवार को मेले में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार सामग्री की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वदेशी केवल खरीदारी या व्यापार का विषय नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय सह-समन्वयक स्वावलंबी भारत अभियान एवं लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी और चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के एमडी डॉ. आशीष जायसवाल उपस्थित रहे।
इस मेले के आयोजन में सीबीएमडी प्रबंधक सुब्रत चाकी के साथ जी.आर. जगत, जयेश पंचाल, तृप्ति चौहान, भावेश सेन, विवेक पांडेय, रोहन अहिरवार, धर्मेंद्र कौशिक, मनोज मंडावी आदि के साथ मेला समिति के सदस्य लगातार व्यवस्था में लगे है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर में स्वदेशी मेले की 17 वर्षों की निरंतर यात्रा अपने आप में गौरव की बात है। इस बार 305 स्टॉलों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के उत्पादों, स्थानीय हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और खानपान की सामग्री को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है कि विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करें और अपने देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दें। देश के सैनिक सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में रहकर हमारी सुरक्षा करते हैं। उनके प्रति सम्मान और राष्ट्र के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प लेना चाहिए।

17 वर्षों की यात्रा में देशभर के उत्पादों को मिला मंच

स्वदेशी मेले की सबसे बड़ी विशेषता इसकी निरंतरता और व्यापक सहभागिता रही है। 17 वर्षों से आयोजित हो रहा यह मेला अब शहर के प्रमुख आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। मेले में देश के अलग-अलग राज्यों के हस्तशिल्प, सजावटी सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, पारंपरिक उत्पाद, छत्तीसगढ़ी सामग्री और खानपान के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस आयोजन ने छोटे व्यापारियों, स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच प्रदान किया। वहीं शहरवासियों को भी देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला, संस्कृति और उत्पादों को करीब से जानने का अवसर मिला।

खरीदारी के साथ संस्कृति और मनोरंजन का भी आकर्षण

सात दिनों तक चले मेले में खरीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों ने भी लोगों को आकर्षित किया। परिवार के साथ पहुंचे शहरवासियों ने विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी की और देश के अलग-अलग हिस्सों की कला एवं संस्कृति को करीब से जाना। गुरुवार को बाल रत्न तनिष्क वर्मा, दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा और भागवत कश्यप ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

सात दिवसीय स्वदेशी मेले का समापन शुक्रवार 27 नवंबर को होगा। अंतिम दिन भी विभिन्न गतिविधियों और खरीदारी के लिए शहरवासियों के पहुंचने की उम्मीद है।

शहरवासियों की जुबानी : स्वदेशी मेले का अनुभव

मेले में पधारे प्रमोद पटेल ने कहा कि स्वदेशी मेला अच्छा आयोजन है। यहां देश के अलग-अलग राज्यों के उत्पाद एक ही जगह देखने और खरीदने को मिल रहे हैं। छोटे व्यापारियों को भी अपनी सामग्री बेचने का अवसर मिल रहा है। ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए।

महिमा विहार ललिता मिश्रा ने कहा कि परिवार के साथ मेले में घूमने और खरीदारी का अच्छा अवसर मिला। हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और खानपान के विकल्प आकर्षक हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक बढ़ा दी।

कोनी निवासी महेंद्र साहू ने कहा कि मेले के माध्यम से देश की कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है। ऐसे आयोजनों से छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलता है और लोगों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *