स्वदेशी मेले में पांचवें दिन कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक अमर अग्रवाल हुए शामिल।

*स्वदेशी मेले में उमड़ा जनसैलाब, झूलों और व्यंजनों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*

बिलासपुर। स्वदेशी मेले में पांचवें दिन लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से देर शाम तक मेले में लोगों की आवाजाही बनी रही। खरीदारी के साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने बड़ी संख्या में परिवार पहुंचे। मेले में 10 से अधिक प्रकार के झूले, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल, बच्चों के लिए विशेष झूले और वोटिंग मशीन जैसे आकर्षण लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों के लिए मेले में कुछ न कुछ खास है। लगातार बढ़ती भीड़ और लोगों के उत्साह को देखते हुए आयोजन की अवधि एक दिन और बढ़ा दी गई है। अब मेला 27 नवंबर तक चलेगा। 20 नवंबर से शुरू हुए इस आयोजन की रौनक प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।

पांचवें दिन आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, अध्यक्षता बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी,  नारायण नामदेव, , उपस्थित रहे। इस अवसर पर गुलशन ऋषि,डॉ सुशील श्रीवास्तव,डॉ प्रफुल्ल शर्मा, प्रवीण झा, अरुणा दीक्षित,डॉ नीता श्रीवास्तव,भृगु अवस्थी, नारायण गोस्वामी, श्याम साहू, राजेश मिश्रा, रौशन सिंह, राजेश सिंह, ऋषभ चतुर्वेदी, उषा भांगे, अशोक जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में स्वदेशी जागरण मंच की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वदेशी मेला केवल खरीदी-बिक्री का आयोजन नहीं, बल्कि देश के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का अभियान है। हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर देश की प्रतिभा को सामने लाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और हर घर स्वदेशी, हर हाथ स्वदेशी के संकल्प को साकार करने की अपील की।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि भारत वर्ष 2014 में दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था और अब चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। देश में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में स्वदेशी मेले का यह 16वां वर्ष है। इसकी शुरुआत पुलिस ग्राउंड से एक छोटे आयोजन के रूप में हुई थी, जो आज विशाल स्वरूप ले चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वदेशी अपनाने की अपील कर रहे हैं। इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सहभागी बनना होगा।

क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि 16 वर्षों से आयोजित हो रहा स्वदेशी मेला देश की मिट्टी में छिपे हुनर को पहचान दिलाने का माध्यम बन चुका है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और स्वसहायता समूहों को आगे बढ़ाने का मंच है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय हुनर को देश और विदेश तक पहुंचाया जा सकता है।

*मेहंदी की कलाकारी में दिखा प्रतिभाओं का हुनर*

मेले में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन दो आयु वर्गों में किया गया। पहले वर्ग में 1 से 17 वर्ष तथा दूसरे वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 70 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। पहले वर्ग की जिम्मेदारी उषा भांगे, सुनीता ऊके, प्रिया गोस्वामी और निशि ऊके ने संभाली। वहीं दूसरे वर्ग में रीना गोस्वामी, किरण सिंह, पूजा खत्री और रीता मौर्य कार्यक्रम प्रभारी रहीं।

*गणेश वंदना से शुरू हुई कथक की मनमोहक प्रस्तुति*

सांस्कृतिक कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राधिका पाखी के निर्देशन में शिव शक्ति कला संस्थान की कथक नृत्य प्रस्तुति रही। गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। करीब 25 बच्चों के समूह ने शास्त्रीय नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथक नृत्यांगना एवं प्रशिक्षिका राधिका पाखी के मार्गदर्शन में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

रिंकू मित्रा, तुषार पानसे और युगल शर्मा ने संचालन किया।

*आज के आकर्षण:* 25 नवंबर को मेले में केस सज्जा प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *