बिलासपुर में त्यौहारी सीजन के मद्देनजर बड़ी कार्रवाई: अस्वच्छ माहौल में बतासा निर्माण करने वाली फर्म सीलबंद, 418 किलो बतासा नष्ट।

बिलासपुर,  29 अक्टूबर 2026
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर महोदय, बिलासपुर के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलासपुर जिले में मिलावटखोरों और अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया है। इसी क्रम में आज जिला बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 47, चांटीडीह स्थित सीजनल प्रोडक्ट्स बतासा निर्माण फर्म ‘श्री राम कनफेक्शनरी’ (प्रोप्राइटर – रामदास साहू) का औचक निरीक्षण किया गया।
अस्वच्छ दशा में हो रहा था निर्माण
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्म परिसर में बेहद अस्वच्छकर और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक दशाओं में बतासा का निर्माण किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा मानकों का घोर उल्लंघन पाए जाने पर विभाग की टीम द्वारा त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद 28 कैरेट (कुल 418 किलोग्राम) बतासा, जिसका बाजार मूल्य ₹27,170/- है, उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही, जब तक सुधार कार्य पूर्ण नहीं कर लिए जाते, तब तक संबंधित निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रसिद्ध प्रतिष्ठान से लिए गए नमूने
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा ‘मौसा जी स्वीट्स’ के निर्माण फर्म का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता की जांच हेतु प्रतिष्ठान से पेड़ा एवं काजू कतली का विधिक नमूना (Legal Sample) लिया गया है, जिसे परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में रहे ये अधिकारी
इस पूरी औचक कार्रवाई और निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के निम्नलिखित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
आर. आर. देवांगन, अभिहित अधिकारी
खीरसागर पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी
सुश्री अविषा मरावी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी
प्रतीक तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारी सीजन के दौरान आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी खाद्य कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में इस प्रकार की औचक निरीक्षण कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *