कलेक्टर एसपी ने जनदर्शन में सुनी समस्या।

*कलेक्टर-एसएसपी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*

*स्कूल भवन, लंबित भुगतान, निराश्रित पेंशन से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोग*

*संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने दिए निर्देश*

बिलासपुर, 22 सितम्बर 2026/कलेक्टर  संजय अग्रवाल एवं एसएसपी  रजनेश सिंह ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।

   जनदर्शन में कोटा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बछालीखुर्द के सरपंच द्वारा प्राथमिक शाला के लिए भवन एवं मोबाइल टावर लगवाने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि डबरीपारा मोहल्ले के प्राथमिक शाला का भवन जर्जर हो गया है। जिससे वर्तमान में बच्चों को एक किलोमीटर दूर स्थित कृषि भवन में पढ़ने जाना पड़ रहा है जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही उन्होंने बताया कि मोबाईल नेटवर्क न मिलने के कारण शासकीय कार्यों और वीबी-जीरामजी अंतर्गत मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी में परेशानी हो रही है। लाखासार आवास मोहल्ला के रहवासियों ने बढ़ती आबादी के कारण 25 केवी के पुराने ट्रांसफार्मर के बार-बार ओवरलोड होकर बंद होने की समस्या बताई है और उसकी क्षमता बढ़ाकर 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है ताकि बच्चों की पढ़ाई और आम जनजीवन प्रभावित न हो। जिले के तखतपुर विकासखंड के धजाराम पटेल ने ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण कार्य के लंबित राशि के भुगतान की मांग की गई। पचपेड़ी निवासी श्यामलाल ने कलेक्टर से मुलाकात कर बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए घर की मरम्मत के लिए सहायता राशि दिलाने कहा। उन्होंने बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर है। बारिश के दौरान उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया है। साथ ही घर की छत भी टूट गई है।

   सकरी स्थित वन विभाग के शासकीय डिपो में पिछले दस वर्षों से कार्यरत सुरक्षा श्रमिक बलराम यादव ने 13 माह से वेतन न मिलने के कारण हो रही आर्थिक और मानसिक परेशानी का हवाला देते हुए तत्काल पारिश्रमिक भुगतान की मांग की है। तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भरारी (भुण्डा) की महिलाओं ने रूकी हुई निराश्रित पेंशन दिलाने का आग्रह किया है, जिसके कारण उन्हें जीवन यापन में भारी समस्या हो रही है। कलेक्टर ने जनदर्शन में सभी की समस्याओं को ध्यान से सुना एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *