बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा ग्राम नकटी में गरीब परिवारों के घरों को तोड़कर इस भीषण वर्षाकाल में उन्हें बेघर करने के अमानवीय कृत्य के विरोध में बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माननीय दीपक बैज के निर्देशानुसार, एवं जिलाध्यक्ष (शहर) सिद्धांशु मिश्रा व जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) महेंद्र गंगोत्री के मार्गदर्शन में नेहरू चौक पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की इस तानाशाही और संवेदनहीन कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के दौरान जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री सिद्धांशु मिश्रा जी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भीषण बारिश के मौसम में बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के गरीबों के आशियाने पर बुलडोजर चलाना घोर निंदनीय है। सरकार ने मासूम बच्चों और परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने पर मजबूर कर दिया है।
कांग्रेस पार्टी पीड़ित ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।”
जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने बताया कि “कांग्रेस नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस के संवेदनशील विधायकों ने साफ तौर पर यह निर्णय लिया है कि वे गरीबों का आशियाना उजाड़कर अपने लिए कोई नया आशियाना (आवास) स्वीकार नहीं करेंगे। इस संबंध में कांग्रेस विधायकों द्वारा मुख्यमंत्री को एक कड़ा पत्र भी लिखा गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि बेघर हुए सभी गरीब परिवारों को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए और उनके पुनर्वास की तत्काल व्यवस्था की जाए, अन्यथा पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। वर्षाकाल मे परिवारों को बेघर करना अन्याय की श्रेणी मे आता है। इस प्रकार का कृत्य कतई ही बरदाश्त के बाहर है!”