
*सुशासन तिहार में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंच से ही लापरवाह रेंजर को सस्पेंड करने के दिए निर्देश*
*नवापारा को मिली बड़ी सौगात: नगर पालिका के नए भवन के लिए ₹2 करोड़, कन्या शाला के लिए ₹10 लाख और महावीर बजरंग अखाड़े के लिए ₹5 लाख की घोषणा*
*भाजपा सरकार जनता के द्वार पर आकर परीक्षा दे रही है, जनहित के कार्यों में ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं:सांसद बृजमोहन*
बिलासपुर,रायपुर 3 जून
रायपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल आज गोबरा नवापारा में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ (महाशिविर) कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने कड़े लहजे में प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता जनार्दन सर्वोपरि है और उनके काम में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मंच से ही दो टूक कहा कि शिविर में आए सभी विभागों के आवेदनों का निराकरण हर हाल में 7 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। जो भी विभाग इस समय-सीमा में काम नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।
*लापरवाह रेंजर को मंच से ही सस्पेंड करने के निर्देश*
सुशासन तिहार के दौरान जब कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग द्वारा आपत्ति लगाने और क्षेत्र के रेंजर के बिना किसी पूर्व सूचना के नदारद रहने की बात सामने आई, तो सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल का कड़ा रुख देखने को मिला। उन्होंने मंच से ही गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को संबंधित रेंजर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने (निलंबित करने) के निर्देश जारी किए। श्री अग्रवाल ने कहा कि जब सांसद और जिले के तमाम आला अधिकारी जनता की समस्या सुनने बैठे हैं, तो गैर-जिम्मेदार अधिकारियों की ऐसी मनमानी और लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*अवैध कब्जेधारियों और लेटलतीफी पर बरसे सांसद*
शिविर में जब हरिहर हाई स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जे और नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि का हस्तांतरण साल 2013-14 से अटके होने का मामला सामने आया, तो सांसद ने तत्काल मंच पर ही पटवारी, आरआई और तहसीलदार को तलब किया। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा, “सरकारी जमीन किसी के बाप की नहीं है, यह जनता और सरकार की संपत्ति है।” उन्होंने एसडीएम और प्रशासनिक अमले को निर्देश दिया कि अगले 3 दिनों के भीतर स्कूल की जमीन से अवैध कब्जा हटाया जाए और 7 दिनों के भीतर स्कूल के नाम पर जमीन दर्ज की जाए।
*नवापारा क्षेत्र को मली करोड़ों की विकास सौगातें*
क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और आम जनता की सहूलियत के लिए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने सुशासन तिहार के मंच से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
*नगर पालिका कार्यालय का नया भवन: नवापारा नगर पालिका के नए प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए ₹2 करोड़ की भव्य राशि का शिलान्यास किया गया।
*बेटियों की शिक्षा और सुविधा: शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला नवापारा में अतिरिक्त कमरों (कक्ष) के निर्माण के लिए सांसद निधि से तत्काल ₹10 लाख स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही, कन्या शाला में भीषण गर्मी के मद्देनजर पेयजल संकट को दूर करने के लिए 7 दिनों के भीतर नया बोरिंग और पंप चालू करने के कड़े निर्देश दिए।
*बेटियों को खेल की सौगात: अखाड़े में अभ्यास करने वाली स्थानीय बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘महावीर बजरंग अखाड़ा’ को खेल सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए ₹5 लाख की राशि देने की घोषणा की।
*भाजपा सरकार में जनता के द्वार पर है प्रशासन*
सांसद श्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पहले की सरकारों में जनता अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर काटती थी, लेकिन आज हमारी विष्णुदेव साय सरकार का पूरा अमला खुद जनता की चौखट पर आकर बैठा है। आज इस सुशासन शिविर में 300 से अधिक आवेदन आए हैं, जिनमें से 108 नगर पालिका और 75 राजस्व विभाग से जुड़े हैं। बिजली के खराब तार, नालियों की सफाई, पानी की किल्लत जैसी सभी बुनियादी समस्याओं को अधिकारी तत्काल युद्धस्तर पर ठीक करें। यह पहली ऐसी सरकार है जो खुद जनता के बीच आकर अपनी परीक्षा दे रही है।
इस सुशासन तिहार कार्यक्रम में विधायक इंद्र कुमार साहू, वरिष्ठ नेता अशोक बजाज, नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी, पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, राजू सोनकर, संतोष शुक्ला, नागेंद्र वर्मा, भूपेंद्र सोनी सहित जिले के एडीएम, एसडीएम, नगर पालिका कमिश्नर, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक, मातृशक्ति और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
