
*दिशा समिति, सड़क सुरक्षा एवं जीवनदीप समिति की बैठकों में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिए विकास और जनसुविधाओं को लेकर अहम निर्देश*
*जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी, हर घर तक पर्याप्त पेयजल पहुँचाने पर जोर*
*जिला अस्पताल के उन्नयन हेतु जीवनदीप समिति को ₹50 लाख स्वीकृत*
*सीमेंट उद्योगों के साथ एंसीलरी उद्योगों के विकास से स्थानीय रोजगार बढ़ाने का सुझाव*
बलौदाबाजार/रायपुर, 14 मई 2026
रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा), सड़क सुरक्षा समिति तथा जीवनदीप समिति की बैठक लेकर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भीषण गर्मी को देखते हुए जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि , यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार जिले में अपेक्षाकृत पेयजल संकट कम है, लेकिन गर्मी के मौसम को देखते हुए पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने सभी शासकीय भवनों में शत-प्रतिशत रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश देते हुए जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को भी जल संरक्षण और जल संचयन के महत्व से जोड़ना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ी प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जिम्मेदार बने।
बैठक के दौरान श्री अग्रवाल ने देश में बढ़ते डायबिटीज के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में नियमित शुगर जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार के तहत आयोजित सभी जनसमस्या निवारण शिविरों में भी अनिवार्य शुगर टेस्ट की व्यवस्था करने तथा विशेष रूप से 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता से गंभीर बीमारियों को रोका जा सकता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
औद्योगिक विकास पर चर्चा करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिला सीमेंट उद्योगों के लिए देशभर में पहचान रखता है, लेकिन अब एंसीलरी उद्योगों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमेंट उद्योगों में उपयोग होने वाले छोटे कलपुर्जों और उपकरणों के निर्माण से जुड़े उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने और अनुपयोगी खदानों के शीघ्र क्लोजर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद श्री अग्रवाल ने जिले की सभी आंगनबाड़ियों के लिए स्वयं का भवन सुनिश्चित करने तथा आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने रायपुर जिले के गुढ़ियारी स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का उदाहरण देते हुए उससे प्रेरणा लेने की बात कही।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना सहित कुल 67 योजनाओं की समीक्षा की गई।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नागरिकों को वर्षभर ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने सड़क मरम्मत, भारी वाहनों के नियंत्रित संचालन, राष्ट्रीय राजमार्गों पर हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन तथा दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सुविधा को मजबूत करने के लिए ट्रामा सेंटर की शुरुआत पर भी जोर दिया गया।
जीवनदीप समिति की बैठक में जिला अस्पताल सहित सभी शासकीय अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, अस्पतालों की नियमित मरम्मत एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जिला अस्पताल के उन्नयन हेतु जीवनदीप समिति को ₹50 लाख स्वीकृत करने की घोषणा की। इस राशि का उपयोग आधुनिक मेडिकल उपकरणों की खरीदी, मरीजों एवं परिजनों के लिए बेहतर ठहराव व्यवस्था तथा अस्पताल के रखरखाव कार्यों में किया जाएगा।
बैठक के अंत में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है।
मंत्री टंक राम वर्मा जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े जी, कसडोल विधायक संदीप साहू जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल अश्विनी शर्मा , सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
